3 इडियट्स और आवारा के दीवाने हैं स्टीवन
हाल ही में भारत आए हॉलीवुड फिल्मेमेकर स्टीवन स्पीलबर्ग ने भारत-कश्मीर मुद्दे को एक बार फिर से सुर्खियों में लाने का विचार किया है। स्टीवन ने कहा है कि उनकी अगली फिल्म कश्मीर में शूट की जाएगी और वो फिल्म भारत और पाकिस्तान के बीच के तनाव पर आधारित होगी। स्टीवन ने कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट भी तैयार हो चुकी है और हो सकता है कि फिल्म में अनुष्का शर्मा भी शामिल हों। स्टीवन स्पीलबर्ग हाल ही में अपनी फिल्म लिंकन की सफलता का जश्न मनाने के लिए भारत आए हैं। स्टीवन स्पीलबर्ग ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें बॉलीवुड की कई फिल्में बेहद पसंद आई हैं जिनमें 3इडियट्स और राज कपूर की आवारा शामिल है।
स्टीवन स्पीलबर्ग के स्वागत के लिए बॉलीवुड के कई बड़े-बड़े दिग्गज भी शामिल हुए थे। अमिताभ बच्चन ने स्टीवन का स्वागत किया और साथ में स्टीवन ने बॉलीवुड के महानायक को अपनी कॉफी टेबल बुक भी गिफ्ट में दी। स्टीवन से मिलने के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट पर डाला कि स्टीवन एक बहुत ही शांत और बेहतरीन फिल्ममेकर हैं। अमिताभ ने कहा कि वो भाग्यशाली हैं कि उन्हें स्टीवन से मिलने का मौका मिला। अमिताभ के साथ ही अनुपम खेर ने भी ट्विटर पर ट्वीट किया कि स्टीवन एक बेहतरीन फिल्ममेकर हैं और पूरे विश्व का सिनेमा उनका हमेशा आभारी रहेगा कि वो इतनी बेहतीरन फिल्में बनाते हैं।

स्टीवन ने अभी तक के अपने करियर में कुल 29 फिल्मों का निर्देशन किया है। ये सभी फिल्में हॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों में से एक हैं। स्टीवन ने मीडिया से कहा कि वो तभी फिल्म का निर्देशन करते हैं जब उन्हें फिल्म की स्क्रिप्ट अच्छी लगती है। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें बॉलीवुड की कुछ फिल्में अच्छी लगी हैं हालांकि वो हिंदी फिल्में बहुत कम देखते हैं लेकिन फिर भी उन्हें राजकुमार हिरानी की 3 इडियट्स और राज कपूर की आवारा फिल्म बेहद पसंद हैं। अब देखना है कि स्टीवन की भारत और कश्मीर पर आधारित फिल्म लोगों को कितनी पसंद आती है वैसे देखा जाए तो अभी तक इस मुद्दे को लेकर जितनी भी फिल्में बनी हैं वो सभी विवादों में जरुर घिरी हैं लेकिन हिट भी हुई हैं। देखिये स्टीवन स्पीलबर्ग की ये फिल्म कितनी सफल होती है।


Click it and Unblock the Notifications











