स्माल स्क्रीन पर छाया खेल का जादू
जहां इन दिनों खेलों को आधार बनाकर फिल्में बनाई जा रही हैं वहीं टेलीविजन की दुनिया में भी सास-बहू से अलग हटकर खेल को अपनी कहानी का आधार बनाया गया है. अब तक तो टेलीविज़न पर लोगों ने क्रिकेट का मज़ा उठाया है मगर अब वे क्रिकेट को कार्यक्रम के रूप में देखेंगे.
क्रिकेट को पूजने वाले देश में चक दे इंडिया की सफलता ने कई निर्देशकों को खेल की तरफ आकर्षित किया है. सब टी वी पर प्रसारित होने वाले जर्सी नं 10 के निर्माता सिद्धार्थ इस बात को खारिज करते हुए कहते हैं “मैं इस कहानी को लेकर कई लोगों के पास गया मगर किसी ने इसे नहीं लिया. अंत में मुझे सब टीवी की तरफ से मंजूरी मिली। उस वक़्त इस बात का ख्याल भी नहीं था कि चक दे... इतनी हिट होगी.
इस कार्यक्रम को सिने विस्टा के बैनर तले प्रस्तुत किया जाएगा, जिसने हमेशा कुछ नया कार्यक्रम देने की कोशिश की है. कार्यक्रम की संकल्पना हिसार अकैडमी से तैयार की गई हैं जहां देश के प्रतिभाशाली खिलाडी तैयार किए जाते हैं. इस कार्यक्रम में भी सिर्फ क्रिकेट नहीं सभी खेल दिखाए जाएंगे.
सिद्धार्थ के अनुसार उन्होंने इस कार्यक्रम को भारत के क्लासिक “रामायण" तथा “महाभारत" के आधार पर तैयार किया है. विशेष रूप से नकुल और अर्जुन की जर्सी नं 10 के लिए होने वाली खिंचातानी इन्हीं महाकाव्यों पर आधारित है. जब हमनें इस बात का खुलकर खुलासा करने की बात की तो उन्होंने गुरुवार का इंतज़ार करने की सलाह दी.
सिद्धार्थ के अनुसार गुरुवार को सारे राज़ खुल जाएंगे.नं 1 की पोजिशन के रूप में जर्सी नं 10 किसे मिलती है इसके लिए तो अब गुरुवार का इंतज़ार करना ही पडेगा.


Click it and Unblock the Notifications