सौरव गांगुली बायोपिक के लिए विकी कौशल Vs सिद्धार्थ मल्होत्रा, दोनों के उरी और शेरशाह के बाद बदले करियर
सौरव गांगुली बायोपिक के राईट्स खरीद चुके हैं लव रंजन और सबसे पहले उन्होंने ये फिल्म पिच की रणबीर कपूर को। लव रंजन, रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर के साथ एक रोमांटिक कॉमेडी पर काम कर रहे हैं। रणबीर कपूर ने इस फिल्म में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई और अब इस फिल्म के लिए लव रंजन के पास दो ऑप्शन हैं।
पहला ऑप्शन है विकी कौशल का और दूसरा ऑप्शन है सिद्धार्थ मल्होत्रा का। सूत्रों की मानें तो लव रंजन को ऐसा खिलाड़ी चाहिए जो कि लेफ्ट आर्म बैट्समैन की तरह खेल सके। और उन्हें सिद्धार्थ मल्होत्रा में ये खूबियां दिख रही हैं। विकी कौशल भी अच्छे खिलाड़ी है लेकिन सिद्धार्थ का बाएं हाथ का खेल कमाल है। खासतौर से तब जब वो निजी ज़िंदगी में दाएं हाथ वाले व्यक्ति है।

हालांकि, लव रंजन ने विकी कौशल और सिद्धार्थ मल्होत्रा दोनों को ही आइडिया का ब्रीफ दे दिया है और अब बस दोनों की हां का इंतज़ार कर रहे हैं। सौरव गांगुली बायोपिक की स्क्रिप्ट पर तेज़ी से काम चल रहा है और अगले साल तक लव रंजन फिल्म की शूटिंग शुरू कर देना चाहते हैं।

एक जैसी है करियर की उड़ान
दिलचस्प है कि विकी कौशल और सिद्धार्थ मल्होत्रा दोनों के करियर की उड़ान एक ही जैसी है। जहां विकी कौशल, उरी की सफलता के बाद से रातों रात बॉक्स ऑफिस स्टार बन गए वहीं सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी शेरशाह से अपने करियर को नई ऊंचाईयों पर पहुंचा दिया। ये दोनों ही फिल्में आर्मी बैकड्रॉप पर बनीं वॉर फिल्में थीं। विकी कौशल और सिद्धार्थ मल्होत्रा, दोनों ही आर्मी ऑफिसर के किरदार में दर्शकों को बहुत ही ज़्यादा पसंद आए थे।

बायोपिक का अनुभव
अगर बायोपिक की बात करें तो विकी कौशल की सरदार ऊधम सिंह बायोपिक जल्दी ही रिलीज़ होने वाली है वहीं वो सैम मानेक शॉ बायोपिक पर काम कर रहे हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा के करियर की पहली बायोपिक थी कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक शेरशाह। लेकिन दोनों ही एक्टर्स को बायोपिक के लिए ढेरों तारीफें मिलीं।

नैटवेस्ट सीरीज़ की सुनहरी याद
13 जुलाई 2002 को भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक NATWEST Series जीती थी और इस जीत की सालगिरह पर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने अपनी बायोपिक कंफर्म की थी। फिल्म का बजट 200 - 250 करोड़ के बीच होगा। भारत की क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के विरूद्ध ये सीरीज़ Lord's के ग्राउंड पर जीती थी। वो भी तब, जब टीम के कप्तान सौरव गांगुली सहित भारतीयों की जीत की कोई उम्मीद नहीं बची थी। ऐसे में भारत के जीतते ही सौरव गांगुली ने जीत का जश्न बालकनी में अपनी टी शर्ट उतार कर मनाया था। उनकी ये तस्वीर आज तक उस जीत की गवाह है।

ऋतिक रोशन - करण जौहर
साल 2020 में ही इस बायोपिक की चर्चा होना शुरू हो चुकी थी और माना जा रहा था कि इस बायोपिक को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स प्रोड्यूस करेगी और ऋतिक रोशन इसके लीड एक्टर हो सकते हैं। लेकिन बाद में इन सभी खबरों का खंडन कर दिया गया था। हालांकि, एक इंटरव्यू में ऋतिक रोशन के नाम को सुनने के बाद सौरव गांगुली ने कहा था कि उसके लिए फिर ऋतिक को मेरे जैसी बॉडी बनानी पड़ेगी।

फुटबॉल ग्राउंड से निकला देश का सबसे सफल कप्तान
गौरतलब है कि सौरव गांगुली, कलकत्ता में रहने वाले हर इंसान की तरह फुटबॉल के बहुत शौकीन है। लेकिन किस्मत उन्हें फुटबॉल ग्राउंड से निकाल कर, क्रिकेट के ग्राउंड तक ले आई। इसके बाद सौरव गांगुली, भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान बने। उनकी बायोपिक में सौरव गांगुली का फुटबॉल प्रेम भी एक अहम हिस्सा होगा।


Click it and Unblock the Notifications











