सूर्यवंशी का दूसरे दिन उतरा जादू, बंपर ओपनिंग के बाद बॉक्स ऑफिस पर गिरी ऑक्यूपेंसी, पूरी रिपोर्ट
सूर्यवंशी ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर बंपर शुरूआत करते हुए 26 करोड़ की ओपनिंग दी। हालांकि, उम्मीद की जा रही थी कि ये आंकड़ा 30 - 33 करोड़ के बीच हो सकता है लेकिन फिल्म ने शानदार शुरूआत करते हुए 26 करोड़ की ओपनिंग दी। लेकिन दूसरे दिन की रिपोर्ट, सूर्यवंशी के लिए बहुत अच्छी खबर लेकर नहीं आई।
दूसरे दिन, सूर्यवंशी की ऑक्यूपेंसी में काफी अंतर दिखाई दिया। दूसरे दिन सुबह की शुरूआत जहां 28 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ हुई, वहीं दोपहर तक ये आंकड़ा 40 प्रतिशत पर पहुंचा। लेकिन शाम आते आते ये आंकड़ा 59 प्रतिशत पर ही रूक गया।

अगर पहले दिन से तुलना की जाए तो सूर्यवंशी ने शुक्रवार को 26 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की थी जिसके बाद दिन में ये आंकड़ा 48 प्रतिशत पर पहुंचा और शाम के शो में फिल्म को 69 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली। ये साफ है कि दूसरे दिन, सूर्यवंशी की ऑक्यूपेंसी में साफ गिरावट दिखाई दी।
ये आंकड़े, बहुत अच्छी खबर इसलिए नहीं है क्योंकि आज शनिवार का दिन था और आंशिक अवकाश का भी। वहीं त्योहार होने का कारण ज़्यादातर लोग छुट्टियों का मज़ा भी ले रहे हैं। लेकिन इसका कोई भी असर, सूर्यवंशी के दूसरे दिन की ऑक्यूपेंसी पर दिखाई नहीं दिया।

रात के आंकड़ों से उम्मीद
सूर्यवंशी के दूसरे दिन के आंकड़ों के बेहतर होने की उम्मीद अब शनिवार की रात की ऑक्यूपेंसी पर निर्भर करती है। अगर देखा जाए तो पहले दिन शुक्रवार को भी रात में ऑक्यूपेंसी उछलकर काफी ऊपर गई। कुछ शहरों में ये आंकड़ा 95 प्रतिशत तक भी पहुंचा। वहीं ज़्यादातर शहरों में ये आंकड़ा 80 प्रतिशत से ऊपर था। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सूर्यवंशी के लिए शनिवार की रात भी शुभ हो। क्योंकि रविवार की छुट्टी का फायदा, शनिवार रात की ऑक्यूपेंसी पर अच्छा असर डाल सकती है।

अच्छी ऑक्यूपेंसी वाले शहर
सूर्यवंशी को दूसरे दिन सबसे ज़्यादा ऑक्यूपेंसी मिली मुंबई, पुणे और चेन्नई में। मुंबई में जहां दूसरे दिन 59 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही वहीं पुणे और चेन्नई में 56 और 52 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। अहमदाबाद में भी दूसरे दिन अच्छा उछाल देखने को मिला और फिल्म ने 59 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। शाम के शो में भी ये आंकड़ा 75 प्रतिशत से ऊपर ही रहा।

सबसे ज़्यादा ऑक्यूपेंसी
दूसरे दिन, शनिवार को सबसे ज़्यादा ऑक्यूपेंसी दर्ज कराने वाला शहर रहा सूरत। सूरत में दूसरे दिन 62 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। ये आंकड़ा सुबह के शो से ही ज़बरदस्त रहा। जहां सुबह की शुरूआत हुई 47 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ वहीं दोपहर तक ये आंकड़ा 61 प्रतिशत और शाम तक 78 प्रतिशत पर पहुंचा। सूरत में 303 स्क्रीन पर सूर्यवंशी रिलीज़ की गई है।

औसत रही ऑक्यूपेंसी
दूसरे दिन, ज़्यादातर शहरों में ऑक्यूपेंसी औसत रही। दिल्ली में फिल्म ने 10 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत हुई और दिन भर में ये आंकड़ा केवल 26 प्रतिशत तक पहुंच पाया। वहीं कोलकाता, बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद में भी 22 - 27 प्रतिशत तक की ही ऑक्यूपेंसी रही।

20 करोड़ का कयास
इस ऑक्यूपेंसी रिपोर्ट की मानें तो दूसरे दिन, सूर्यवंशी की कमाई गिरेगी और 26 करोड़ की बंपर ओपनिंग के बाद फिल्म 20 करोड़ तक की कमाई शनिवार को कर सकती है। ऐसे में अगर रविवार को कोई जादू का पिटारा नहीं खुलता है तो सूर्यवंशी वीकेंड पर 55 - 60 करोड़ तक की ही कमाई कर पाएगी।

केवल रणवीर का टूटा रिकॉर्ड
अगर फिल्म की ओपनिंग की बात करें तो सूर्यवंशी की स्टारकास्ट में रणवीर सिंह को छोड़कर किसी भी स्टार ने अपनी टॉप ओपनिंग के आंकड़े को पार नहीं किया। रणवीर सिंह की टॉप ओपनिंग रही है पद्मावत जिसने 24 करोड़ की ओपनिंग की थी। वहीं अक्षय कुमार मिशन मंगल के साथ 29 करोड़, अजय देवगन सिंघम रिटर्न्स के साथ 32 करोड़, कैटरीना कैफ टाईगर ज़िंदा है के साथ 34 करोड़ और रोहित शेट्टी चेन्नई एक्सप्रेस के साथ 33 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग दे चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications