Sooraj Barjatya ने किया रिवील, Salman Khan करना चाहते थे 'ऊंचाई', लेकिन मैंने कहा 'ना'

सूरज बड़जात्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ऊंचाई' [Uunchai] का ट्रेलर रिलीज किया जा चुका है। फिल्म में अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बोमन ईरानी, सारिका, परिणीति चोपड़ा और नीना गुप्ता प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या ने रिवील किया कि उनके दोस्त और एक्टर सलमान खान को इस फिल्म के बारे में शुरुआत से पूरी जानकारी थी और वो ये फिल्म करना चाहते थे।
सूरज बड़जात्या ने बताया, "जब मैं ये फिल्म बना रहा था सलमान ने सबसे पहले मुझे पूछा था कि कहानी क्या है.. फिर उसने पूछा कि तुम पहाड़ों पर क्यों जा रहे हो। जब मैंने उसे सारी जानकारी दी तो.. उसने मुझसे कहा कि मैं भी ये फिल्म कर सकता हूं क्या.. तो मैंने कहा.. नहीं। मैंने ना इसीलिए कहा क्योंकि हम सब जानते हैं कि वो फिट हैं और चाहें तो पहाड़ चढ़ सकते हैं, जबकि मुझे ऐसे कलाकारों की जरूरत थी, जिन्हें देखकर लगे कि वो ऐसा नहीं कर सकते हैं।"
बता दें, सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी ने मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, हम साथ साथ हैं और प्रेम रतन धन पायो जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं।
फिल्म के बारे में आगे बात करते हुए सूरज बड़जात्या ने कहा कि, "इस फिल्म में मैंने सारे बंधन तोड़ दिये हैं। पहले एक चार्म था कि शायद किसी किरदार का नाम प्रेम रखो तो शायद फिल्म चल जाए.. लेकिन अब मैंने वो सब सोचना ही बंद कर दिया है। कोविड के दौरान, जब सब कुछ फिसल रहा था, किसी भी चीज़ को पकड़े रहने का कोई मतलब नहीं था। इसीलिए इस फिल्म में ना कोई प्रेम है, ना शादियां है, ना कोई फंक्शन है।"
फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कमाई पर पूछे जाने पर निर्देशक ने कहा, "मैंने 35 साल में सिर्फ 7 फिल्में बनाई हैं। इसी से आप समझ सकते हैं कि मैं फिल्म से जुड़ी इकॉनोमिक्स पर ध्यान देता हूं। शुरुआत से ही मैंने कभी प्रॉफिट या लॉस सोचकर फिल्में नहीं बनाई हैं। मैं सिर्फ एक राइटर, एक डायरेक्टर बनना चाहता था। इस समय भी मैं कुछ अलग नहीं करना चाहता हूं। मैं परिवार और दोस्तों से जुड़ी ही फिल्में बनाना जानता हूं। और हमारे देश में हर खिड़की खोलो तो एक कहानी है.. तो मैं क्यों जाऊं कुछ और बनाने।"


Click it and Unblock the Notifications












