सोनू सूद करने वाले थे दबंग में सलमान का रोल

यह बात और कोई नहीं बल्कि खुद सोनू सूद ने कही है। उन्होंने कहा कि वे इस फिल्म में मुख्य भूमिका करने वाले थे, लेकिन अब इसे सलमान कर रहे हैं।
सोनू सूद ने कहा, "सलमान के आने से पहले यह फिल्म मेरे पास लाई गई थी। शुरू में मैं सलमान की भूमिका करने वाला था लेकिन जब उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला किया तब मुझे युवा नेता का किरदार दिया गया।"
फिल्म 'युवा' और 'जोधा अकबर' में अपने अभिनय का दम दिखा चुके सूद ने कहा, "मैं इस फिल्म में सलमान की उपस्थिति को लेकर चिंतित नहीं हूं। मुझे निर्देशक अभिनव कश्यप पर पूरा विश्वास है जो 'युवा' में मणिरत्नम के साथ सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर रहे थे।"
फिल्म 'दबंग' में छेदी सिंह का किरदार निभा रहे सूद कहते हैं, "मैं कश्यप को बहुत पहले से जानता हूं। इस फिल्म में मेरा किरदार बहुत मजबूत है।"
'दबंग' के निर्देशक अभिनव कश्यप हैं जबकि इस फिल्म के निर्माता सलमान खान के छोटे भाई अरबाज खान हैं। यह फिल्म 10 सितंबर को प्रदर्शित होने वाली है। इस फिल्म में सलमान और सोनू के अलावा दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा, ओमपुरी, डिंपल कपाड़िया, विनोद खन्ना और महेश मांजरेकर जैसे लोग भी शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications