Sonu Nigam के नाम पर हुआ फ्रॉड, सिंगर ने कहा- 'इस एक गलती की वजह से मेरा परिवार खतरे में...'

Sonu Nigam On Ayodhya Tweet: फेमस सिंगर सोनू निगम, जिन्होंने करीब सात साल पहले एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) को छोड़ दिया था। सिंगर के एक कथित ट्वीट ने एक बार फिर से बवाल खड़ा कर दिया है।
सोनू निगम ने एक ऐसे यूजर पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर उनका नाम लेकर एक राजनीतिक पोस्ट शेयर किया था। कई पब्लिकेशन और न्यूज चैनल ने बिना क्रॉस चेक किए ही पोस्ट को सोनू निगम के नाम से लोगों के सामने पेश कर दिया। उस पोस्ट में यूजर ने उत्तर प्रदेश के फैजाबाद (अयोध्या) निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की हार के बारे में लिखा था, जहां राम मंदिर बनाया गया है, और अयोध्या के लोगों को 'बेशर्म' कहा था।
पोस्ट में लिखा था, "जिस सरकार ने पूरे अयोध्या को सुंदर बनाया, एक नया हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन दिया, 500 साल बाद राम मंदिर बनाया, पूरी मंदिर अर्थव्यवस्था बनाई, उस पार्टी को अयोध्या सीट के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।" मंगलवार (4 जून) को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद, एक्स पर पोस्ट सामने आने के तुरंत बाद, सोनू निगम को यूजर्स से खूब खरी-खोटी सुनने को मिली।
हालांकि, बुधवार को गायक ने मीडिया पोर्टल्स पर यूजर को गलत समझने के लिए निशाना साधा। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, "मुझे हैरानी है कि लोगों ने, जिनमें न्यूज़ चैनल भी शामिल हैं, जिन्होंने उन्हें गलत समझा, अकाउंट की डिटेल नहीं पढ़ी और ना ही क्रॉस चेक किया। जिसके ट्विटर हैंडल से वो विवादित पोस्ट शेयर हुआ है, उस हैंडल का नाम सोनू निगम सिंह है और डिटेल में लिखा है कि वह बिहार के एक क्रिमिनल लॉयर हैं।" उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं की।
सोनू ने कहा- "यह ऐसी गंदगी है जिसने मुझे सात साल पहले ट्विटर छोड़ने पर मजबूर किया। मैं सनसनीखेज राजनीतिक मामलों में कमेंट करने में विश्वास नहीं करता और मैं केवल अपने काम पर ध्यान केंद्रित करता हूं। लेकिन यह घटना चिंताजनक है, न केवल मेरे लिए, बल्कि मेरे परिवार की सुरक्षा के लिए भी।"


Click it and Unblock the Notifications