Bade Miyan Chote Miyan: सोनाक्षी सिन्हा की धमाकेदार एंट्री, अक्षय कुमार के साथ काम करने को लेकर कही ये बात!

Bade Miyan Chote Miyan: अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और पृथ्वीराज सुकुमारन के बाद अब बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की एंट्री भी हो चुकी है। जी हां, अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सोनाक्षी लीड एक्ट्रेस होंगी। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने मुंबई में फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा कर लिया है और दूसरा शेड्यूल मार्च के अंत तक स्कॉटलैंड और अबू धाबी में होने की उम्मीद है।
देखा जाए तो, साल 2023 सोनाक्षी सिन्हा के लिए काफी शानदार होने वाला है। कुछ ही दिनों पहले संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी' की घोषणा हुई है, जिसमें सोनाक्षी अहम किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा वो एक्सेल एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी फिल्म्स की सीरीज 'दहाड़' में भी दिखेंगी। जिसका निर्देशन रीमा कागती ने किया है।
वहीं, अब पक्की खबरें आ चुकी हैं कि बड़े मियां छोटे मियां में भी सोनाक्षी सिन्हा की एंट्री हो गई है। सोनाक्षी सिन्हा ने पिंकविला से बात करते हुए इस खबर पर पक्की मुहर भी लगा दी है। सोनाक्षी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं बड़े मियां छोटे मियां का हिस्सा बनने के लिए काफी उत्साहित हूं। अक्षय के साथ काम करना हमेशा अच्छा अनुभव रहता है। वहीं, यह टाइगर के साथ मेरी पहली मूवी होगी। अली अब्बास जफर कमाल के डायरेक्टर हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि बड़े मियां छोटे मियां ब्लॉकबस्टर रहेगी। मैं चाहती हूं कि दर्शक इस मूवी को थिएटर में देखें और जमकर एन्जॉय करें।"
बड़े मियां छोटे मियां 2023 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। वाशु भगनानी और पूजा एंटरटेनमेंट की इस फिल्म को अली अब्बास जफर डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म की कहानी भी अली ने ही लिखी है। वाशु भगनानी, दीपशिखा देशमुख, जैकी भगनानी, हिमांशु किशन मेहरा और अली अब्बास जफर ने इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म 2023 दिसंबर में रिलीज होने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications
