रिलीज होने से पहले ही बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में गूंजी सोनाक्षी सिन्हा की ‘दहाड़’

इस साल जिन फिल्मों और वेब सीरीज के रिलीज होने का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, उनमें सोनाक्षी सिन्हा स्टारर 'दहाड़' भी शामिल हैं। अमेजॉन प्राइम वीडियो पर 'दहाड़' रिलीज होगी। रिलीज होने से पहले ही 'दहाड़' समीक्षकों में चर्चाओं का विषय बन चुका है। वहीं रिलीज होने से पहले ही 'दहाड़' ने बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में अपनी जगह बना ली है। 'दहाड़' भारत की पहली वेब सीरीज है जिसने बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में अपनी जगह बनायी है। इस वेब सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा के अलावा विजय वर्मा, गुलशन देवैया और सोहम शाह नजर आने वाले हैं। इसका निर्देशन फिल्म 'तलाश' फेम रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय ने किया है।

जोया अख्तर ने दी खुशखबरी :
फिल्म 'दहाड़' का निर्माण प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी के बैनर तले किया गया है। इसके बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में अपनी जगह पक्की करने की खुशखबरी को-प्रोड्यूसर जोया अख्तर ने दी। अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए जोया ने यह जानकारी दी। जोया अख्तर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'दहाड़ पहली भारतीय वेब सीरीज है, जो बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लेगी।' इस पोस्ट पर सभी जोया अख्तर को बधाइयां दे रहे हैं जिनमें फैंस के साथ-साथ सेलिब्रिटी भी शामिल हैं।

राजस्थान के बैकग्राउंड पर बनी है दहाड़ :
'दहाड़' एक क्राइम ड्रामा सीरीज है, जो राजस्थान के एक छोटे से शहर की कहानी बताती है। पुलिस इंस्पेक्टर अंजली भाटी थाने के दूसरे पुलिसकर्मियों के साथ एक महिला की मौत की जांच कर रही हैं। यहां महिलाएं अचानक गायब हो जाती हैं और किसी को इस बात से फर्क नहीं पड़ता है। अंजली भाटी को सभी मामलों में एक समानता दिखाई देती है, देर रात तक फोन पर लंबी बात और एक बॉयफ्रेंड जिसके बारे में किसी को नहीं पता। वह यह पता लगाना चाहती है कि क्या यह मौत सिर्फ एक आत्महत्या है या फिर सीरियल किलिंग का कोई मामला है? वेब सीरीज में अंजली भाटी का किरदार सोनाक्षी सिन्हा निभा रही हैं।

बेस्ट वेब सीरीज कैटेगरी में होगा प्रीमियर :
'दहाड़' को बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट वेब सीरीज कैटेगरी में शामिल किया गया है। इस कैटेगरी में कुल 7 वेब सीरीज हिस्सा ले रही हैं जिनमें 'दहाड़' भी शामिल हैं। 8 एपिसोड की इस वेब सीरीज में से सिर्फ 2 एपिसोड ही बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी। प्रतियोगिता का रिजल्ट 22 फरवरी को घोषित किया जाएगा। 'दहाड़' के साथ सोनाक्षी सिन्हा वेब सीरीज में डेब्यू करने वाली हैं।


Click it and Unblock the Notifications











