सलमान खान - सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद घर पहुंचे सोहेल - अरबाज़, पुलिस से की बात
सलमान खान के पिता सलीम खान को रविवार को एक आदमी ने चिट्ठी पकड़ाई जिसमें उन्हें और सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद से पुलिस इसकी जांच कर रही है और सलमान खान के घर के बाहर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।
पुलिस सिक्योरिटी बढ़ने के बाद सोहेल खान और अरबाज़ खान भी सलमान खान - सलीम खान के अपार्टमेंट पहुंचे और दोनों पुलिस के साथ कुछ बातचीत करते दिखाई दिए।

मुंबई के पुलिस कमिश्नर ने ये आश्वासन दिया है कि वो जल्दी ही पता लगाएंगे कि सलीम खान को चिट्ठी पहुंचाने वाला ये आदमी कौन था और ये चिट्ठी किसने भिजवाई है। अभी तक मामले की जांच चल रही है और इस मामले में अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हालांकि, कमिश्रनर का कहना है कि अगर ज़रूरत लगी तो सलमान खान के घर के बाहर सिक्योरिटी बढ़ाई जाएगी।

क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि रविवार की सुबह, सलमान खान के पिता सलीम खान, रोज़ की ही तरह सुबह की सैर पर निकले थे। सैर के दौरान वो सड़क किनारे एक बेंच पर बैठकर आराम कर रहे थे तभी उनके बॉडीगार्ड ने देखा कि बेंच पर एक चिट्ठी पड़ी है। लेकिन जब सलीम खान ने चिट्ठी पढ़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को देना ज़रूरी समझा।

जान से मारने की मिली है धमकी
चिट्ठी में सलीम खान और सलमान खान के लिए धमकी थी और लिखा था तेरा भी हाल मूसेवाला जैसा कर देंगे। इस खत में GBLB भी लिखा है और पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसका क्या मतलब हो सकता है। गौरतलब है कि इसका मतलब गोल्डी ब्रार और लॉरेंस बिश्नोई से लगाया जा रहा है। गोल्डी और लॉरेंस का नाम, सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जोड़ा गया है।

दर्ज हुई है FIR
पुलिस ने सलमान खान की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। वहीं इस मामले में सलमान खान, सलीम खान, अरबाज़ खान, सोहेल खान और बाकी घरवालों के बयान भी दर्ज कराए गए हैं। गौरतलब है कि हाल ही में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े एक गैंग ने हत्या कर दी है जिसके बाद से इस घटना को हल्के में नहीं लिया जा रहा है।

पहले भी मिली है धमकी
गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले 2021 में भी लॉरेंस बिश्नोई से राजस्थान के एक गैंगस्टर को सलमान खान को मारने की सुपारी दी थी जिसके बाद इस गैंगस्टर ने तीन दिन तक सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी की थी। लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया था।

कौन है लॉरेंस बिश्नोई
सुरक्षा एंजेसियों की जांच में लॉरेंस बिश्नोई कुबूल कर चुका है कि वो सलमान खान को मारना चाहता है। एक बयान में उसने कहा था - अपराध क्या होता है ये तब पता चलेगा जब मैं सलमान खान को मारूंगा। गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई, सलमान खान को काला हिरण का शिकार करने की वजह से मारना चाहता है। बिश्नोई समाज के लिए काले हिरण का बहुत महत्त्व है और वो इसे लेकर काफी भावुक होते हैं।

तिहाड़ में बंद बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई, तिबाड़ जेल में बंद है और उस पर कई आपराधिक मामले में दर्ज हैं। उसका पूरा गैंग जेल से ही काम करता है। माना जा रहा है कि ये सारे अपराध वो गोल्डी ब्रार नाम के शख्स के साथ मिलकर करता है। अपराध करने के बाद ये गैंग, फेसबुक के ज़रिए अपने गुनाह कुबूल भी करता है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या से भी लॉरेंस का नाम जोड़ा जा रहा था लेकिन उसने इस हत्या से अपना नाम नहीं जोड़ा है।

आपका मूसेवाला होगा
सलीम खान को मिली धमकी भरी चिट्ठी में लिखा था - सलीम खान, सलमान खान बहुत जल्द आपका मुसेवाला होगा। G.B L.B
सलमान खान के अपार्टमेंट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जल्दी से जल्दी पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


Click it and Unblock the Notifications











