वर्ल्ड के हाइएस्ट क्रिसमस ट्री पर रनबीर-प्रियंका
निर्देशक सिद्धार्थ आनंद न्यूयॉर्क सिटी के प्रतिबंधित इलाके में अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री प्रियंका चौपड़ा के साथ फिल्म 'अंजाना अंजानी' के लिए क्रिसमस समारोह फिल्माने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
उन्हें उम्मीद है कि शूटिंग वाले दिन वहां हिमपात होगा। यदि हिमपात न हुआ, तो दोनों कलाकारों के साथ न्यूयॉर्क में क्रिसमस का दृश्य फिल्माने के निर्देशक के इरादों पर पानी फिर सकता है। आनंद कहते हैं, "हम न्यूयॉर्क में क्रिसमस वाले दिन बर्फबारी की प्रार्थना कर रहे हैं।"
रॉकफिलर सेंटर के विश्व प्रसिद्ध क्रिसमस ट्री के निकट कैमरे के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होती, लेकिन फिल्म निर्माता साजिद नाडियावाल ने यहां शूटिंग के लिए सभी आवश्यक अनुमति ले ली है।
आनंद का कहना है, "मैं नहीं जानता कि साजिद ने यह कैसे किया, लेकिन उन्होंने असंभव को संभव बनाया है। प्रियंका, रणबीर और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हैं।" आनंद इससे पहले 'सलाम नमस्ते' और 'बचना ए हसीनों'का निर्देशन कर चुके हैं।
आनंद ने कहा, "न्यूयॉर्क में क्रिसमस के समय शूटिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित होती है। हम क्रिसमस के समय न केवल न्यूयॉर्क और आसपास के क्षेत्र में शूटिंग करेंगे बल्कि रोकफिलर सेंटर स्थित क्रिसमस ट्री के नजदीक भी शूटिंग करेंगे, जो कि विश्व का सबसे ऊंचा क्रिसमस ट्री है। इसकी लंबाई 70 फुट है, जो किसी इमारत की तीन मंजिलों के बराबर होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











