राहुल गांधी की 'फ्लाइंग किस' पर भड़की स्मृति- गांधी खानदान के संस्कार में महिलाओं के साथ..

Smriti Irani On Rahul Gandhi Flying Kiss: सदन के अंदर राहुल गांधी द्वारा फ्लाइंग किस करने की तीखी आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि महिलाओं के प्रति द्वेष और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार गांधी खानदान के संस्कार में है। संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि सदन के अंदर राहुल गांधी ने जो व्यवहार किया, वह इससे पहले सदन में कभी नहीं देखा गया।
उन्होंने कहा कि लोगों के सदन में जहां महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए कानून बनाए जाते हैं, वहां महिलाओं के प्रति द्वेष की उनकी यह भावना सामने आ गई। स्मृति ईरानी ने गांधी खानदान के संस्कार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सुना था कि कानून का उल्लंघन करने वाले लोग राह चलते औरतों को इस प्रकार की अभद्र टिप्पणियां अथवा अभद्र संकेत देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, यह नहीं पता था कि गांधी खानदान के संस्कार में एक संस्कार महिलाओं के प्रति द्वेष और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी है।
इसके साथ ही बीजेपी सांसद पूनम महाजन ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन में आज जो हरकत की है वह असंसदीय है। हम इसका विरोध करते हैं और इसकी शिकायत लोकसभा स्पीकर से की जाएगी। इसके बाद महिला सांसदों के एक दल ने इस हरकत की शिकायत लोकसभा स्पीकर से कर दी।
मोदी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विपक्ष की तरफ से अपना भाषण दिया। इसके बाद बोलने के लिए खड़ी हुई केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की तरफ से राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को उसका इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि कश्मीरी पंडितों का दुख दुनिया के सामने आए, इसलिए उन्होंने उन पर बनी फिल्म को प्रोपेगैंडा बताया।


Click it and Unblock the Notifications