फिर विवादों में स्लमडॉग मिलिनेयर
फिल्म 'स्लमडॉग मिलिनेयर' को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। यह विवाद फिल्म के हीरो जमाल से पूछे गए एक सवाल के जवाब को लेकर है। हीरो जमाल से जब यह पूछा जाता है कि 'दर्शन दो घनश्याम नाथ मोरी अंखियां प्यासी' गीत को किसने लिखा है तो वह जवाब देता है-सूरदास और वह ढाई लाख रुपए का इनाम जीत जाता है।
मगर गोपाल सिंह नेपाली फाउंडेशन की संचालिका सविता सिंह नेपाली का दावा है कि इस गीत सुरदास ने नही बल्कि उनके गीतकार पिता गोपाल सिंह नेपाली ने 1957 में बनी फिल्म 'नरसी भगत' के लिए लिखा था।
सविता सिंह ने सोमवार को पटना में चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में स्लमडॉग के ब्रिटिश डायरेक्टर-प्रड्यूसर डैनी बॉयल, लेखक विकास स्वरूप, ऑस्कर अवार्ड्स कमिटी और गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स कमिटी के चेयरमन तथा कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह फिल्म भारत के विदेश सेवा के अधिकारी विकास स्वरूप के उपन्यास क्यू एंड ए पर आधारित है। विकास स्वरूप ने इस बारे में कहा कि इस गलती का उनकी पुस्तक से लेना-देना नहीं है। यह काव्य पंक्ति नरसी भगत का गीत है। सभी लोग इसे जानते हैं।
यह पूछे जाने पर कि राहुल गांधी के खिलाफ केस क्यों किया गया, तो सविता सिंह के वकील श्रुति सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस के शक्तिशाली महासचिव हैं। कांग्रेस ने इस फिल्म के गाने 'जय हो' अपने चुनाव -प्रचार के लिए इस्तेमाल करने का अधिकार हासिल किया है। वह स्लमडॉग के जरिए गलत संदेश देते हैं। फिल्म का नाम स्लम में रहने वालों का मजाक उड़ाता है।


Click it and Unblock the Notifications