स्लमडॉग.. में पूरा कमाल बच्चों का था
बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का कहना है कि 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के बाल कलाकारों ने अपना जादू चलाकर दुनिया भर के दर्शकों का मन जीत लिया। इरफान ने इस फिल्म में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा, "हमें इस बात पर कतई संदेह नहीं था कि स्लमडॉग मिलियनेयर ऑस्कर जीतेगी। जैसे ही हमने कोडक थिएटर के रेड कार्पेट पर कदम रखा वहां लोग हमारे नाम पुकार रहे थे। और माहौल ऐसा था कि आप कैसे इस फिल्म को ऑस्कर से महरूम रखेंगे?"
खान ने बताया, "फिल्म के निर्माताओं को 40 साल बाद सर्वश्रेष्ठ फिल्म का ऑस्कर मिला। मुझे लगता है कि स्लमडॉग मिलियनेयर के बच्चों ने जादू कर डाला। उन्होंने दुनिया भर के दर्शकों का मन मोह लिया। हम परिपक्व अभिनेता बोनस की तरह थे।"
उन्होंने कहा, "मुंबई हवाई अड्डे पर जो स्वागत हुआ, वह भी ऑस्कर से कम नहीं था। वह सब दिल को छू लेने वाला था। ऐसे लगा जैसे मुझे दूल्हा बना दिया गया है।"
फोर्ब्स पत्रिका ने हाल ही में खान को बॉलीवुड के उन कलाकारों में शुमार किया है, जो हॉलीवुड पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications