स्लमडॉग मिलिनेयर ने जीते 5 अवार्ड
मुंबई में फिल्माई गई हॉलीवुड फिल्म 'स्लमडॉग मिलिनेयर' ने पांच 'क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड' जीते हैं। लगातार मिल रही प्रशंसा के कारण इस फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल किया जा रहा है।
निर्देशक डैनी बोएल की इस फिल्म में ब्रिटेन में जन्मे भारतीय अभिनेता देव पटेल ने मुख्य भूमिका निभाई है जबकि इसका संगीत बॉलीवुड के संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। फिल्म की कहानी साइमन ब्यूफोए ने लिखी है।
गुरुवार को इस फिल्म को 'क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड' से नवाजा गया। यह फिल्म भारतीय राजनयिक विकास स्वरूप के उपन्यास 'क्यू एंड ए' पर आधारित है।
फिल्म की कहानी झुग्गी में रहने वाले एक युवक की जिंदगी पर आधिारित है जो टीवी रिएलिटी शो 'हू वांट्स टू बी एक मिलिनेयर' में जीत जाता है। इस फिल्म को अमेरिका में काफी सराहा जा रहा है।
फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और नई अभिनेत्री फरीदा पिंटो ने भी काम किया है। यह फिल्म भारत में 23 जनवरी को प्रदर्शित होगी।
फिल्म 'डार्क नाइट' के लिए हीथ लेजर को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला जबकि फिल्म को सर्वश्रेष्ठ एक्शन फिल्म के पुरस्कार से भी नवाजा गया।
अभिनेता सीन पेन को 'मिल्क' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला जबकि केट विंसलेट को 'द राइडर' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया।
फिल्म 'ट्रॉपिक थंडर' को सर्वश्रेष्ठ हास्य फिल्म और 'वॉल-ई' को सर्वश्रेष्ठ एनिमेशन फिल्म के रूप में चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











