हॉलीवुड फिल्म में 'स्लमडॉग' किड
ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाली बहुचर्चित फ़िल्म 'स्लमडॉग मिलिनयर' के बाल कलाकार एक दूसरी फ़िल्म में काम करने की तैयारी में हैं!
इस फ़िल्म में वे संभवत: ब्रिटिश अभिनेता एंथनी हॉपकिंस के साथ नज़र आएंगे.
दस वर्षीय अज़हरुद्दीन इस्माइल और नौ वर्षीया रूबीना अली 'लॉर्ड ओवेन्स लेडी' नामक फ़िल्म में अपनी भूमिका निभाएंगे.
स्लमडॉग मिलियनेयर फ़िल्म में काम करके शोहरत हासिल करने से पहले ये दोनों बच्चे मुंबई शहर में रेलवे लाइन से लगी एक झुग्गी बस्ती में रहते थे.
हाल ही इन बच्चों ने अपने परिवार वालों के साथ नए घर में प्रवेश किया है.
इस घर का इंतज़ाम सरकार और एक ट्रस्ट ने मिलकर किया है. इस ट्रस्ट की स्थापना 'स्लमडॉग' फ़िल्म के निर्देशक और ब्रिटिश नागरिक डैनी बॉएल ने की है.
'अच्छी ख़बर'
इस नई फ़िल्म की शूटिंग भारत और वेल्स में होने वाली है.
अज़हर और रूबीना अपने हिस्से की शूटिंग भारत में करेंगे. ख़बरों के अनुसार हॉलीवुड अभिनेता एंथनी हॉपकिंस इसमें हिस्सा लेने के लिए निर्माताओं से बातचीत कर रहे हैं.
नई फ़िल्म के बारे में अज़हर की मां शमीम इस्माइल ने कहा, "ये फ़िल्म अज़हर के लिए एक अच्छी ख़बर लेकर आई है जिसने हाल ही में अपना पिता खो दिया है."
उन्होंने अज़हर को शुभकामना देते हुए कहा कि उसे अच्छी फ़िल्मों में काम करना चाहिए.
अज़हर के पिता मोहम्मद इस्माइल की चार सितंबर को टीबी से मौत हो गई थी.
अज़हर की मां का कहना था, "हमें एक नया घर दिया गया है और हमारी स्थिति भी अब सुधर रही है लेकिन अफ़सोस है कि ये अच्छे दिन देखने के लिए अज़हर के पिता ज़िन्दा नहीं हैं."
नई फ़िल्म के बारे में पूछे जाने पर रूबीना ने कहा, "मैं इस फ़िल्म में तभी काम करूंगी जबकि मेरे माता- पिता ऐसा करने को कहेंगे. पिछली फ़िल्म में काम करना मेरे लिए काफी अच्छा साबित हुआ. मैं इस नई फ़िल्म में भी काम करना चाहूंगी."
रूबीना के पिता रफ़ीक क़ुरैशी का कहना है कि हालांकि फ़िल्म का निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है लेकिन उनका परिवार हर ढंग से रूबीना की मदद करेगा.


Click it and Unblock the Notifications











