इवेंट के दौरान सिंगर Sonu Nigam पर हुआ हमला, मंच से सिंगर को दिया गया धक्का, देखें Video

बॉलीवुड के पॉपुलर गायक सोनू निगम के साथ एक इवेंट के दौरान हाथापाई हुई है। उनकी टीम के सदस्यों पर सोमवार को मुंबई के चेंबूर में एक म्यूजिक इवेंट के दौरान कथित रूप से शिवसेना के एक सदस्य ने हाथापाई की। इस हाथापाई के दौरान सोनू निगम के साथ रहने वाले उस्ताद के बेटे को भी चोटें आई है। आनन फानन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाया गया है। सोनू निगम पर यह हमला रात में किया गया है।
सिंगर ने चेंबूर थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सोनू निगम और उनकी टीम के साथ की गई धक्का मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। कई मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सोनू निगम एमएलए प्रकाश फटेरपेकर द्वारा आयोजित चेंबूर फेस्टिवल में फिनाले के दौरान परफॉर्म कर रहे थे।
लेकिन, उद्धव ठाकरे की शिवसेना पार्टी से जुड़े एक स्थानीय विधायक के बेटे ने निगम की मैनेजर सायरा के साथ दुर्व्यवहार किया। मिली जानकारी के अनुसार एमएलए का बेटा सोनू निगम के साथ तस्वीरें लेने के लिए स्टेज पर ही चला गया और सोनू निगम के मैनेजर को स्टेज से नीचे आने के लिए कहा। वहीं, जब सोनू निगम मंच से उतरने लगे तो उन्हें सीढ़ियों से धक्का दिया गया।
इस दौरान उस्ताद के बेटे रब्बानी खान भी स्टेज से गिर गए और उन्हें चोट आई है। वहीं, सोनू निगम ने फिलहाल इस मामले को लेकर मीडिया से कोई बातचीत नहीं की है। रब्बानी खान ने मीडिया से इस बारे में बात की और कहा- 'बिना किसी उकसावे के हमारी टीम पर हमला किया गया। हमलावर को हम नहीं जानते लेकिन, वो सोनू निगम के पास सेल्फी लेने के लिए आया था।'
रब्बानी ने आगे कहा- 'बॉडीगार्ड ने उस समय इसका विरोध किया तो उसे भी धक्का मारा गया। वो आगे बढ़कर सोनू निगम के पास आया और उन्होंने मुझे पकड़ लिया लेकिन, उन्होंने मुझे भी धक्का मार दिया। मैं आठ फीट की ऊंचाई से गिर गया जिसकी वजह से मुझे भी चोटें आई हैं।'
बता दें कि विधायक के बेटे स्वप्निल पहले भी विवादों में रह चुके हैं। अप्रैल में उनके ऊपर भाजपा ने पोल खोल यात्रा के दौरान पथराव का भी आरोप लगाया था। चेंबूर पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि की है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications











