Drunk & drive Case: जश्न में डूबे एक्टर ने कार से मारी टक्कर, नए साल पर शख्स की मौत, शराब के नशे में..
Sidharth Prabhu Accident Case: केरल में नए साल के मौके पर हुई एक सड़क दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में एक स्थानीय लॉटरी बेचने वाले की मौत हो गई। आरोप है कि यह दुर्घटना मशहूर टीवी अभिनेता सिद्धार्थ प्रभु की कार से हुई।

मरने वाले व्यक्ति का नाम थंगराज था, उम्र करीब 60 साल। वह तमिलनाडु के रहने वाले थे और केरल के नट्टकम कॉलेज जंक्शन के पास रोज़ लॉटरी टिकट बेचते थे। 24 दिसंबर की रात उन्हें एक तेज़ रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। तब से वह अस्पताल में ज़िंदगी और मौत से जूझ रहे थे। आखिरकार गुरुवार, 1 जनवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धार्थ प्रभु की कार एमसी रोड पर अचानक बेकाबू हो गई और थंगराज को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद अभिनेता को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि उस वक्त वह शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे और उनकी शराब की मात्रा कानूनी सीमा से ज़्यादा थी।
हादसे के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद लोग थंगराज की मदद कर रहे थे और इसी दौरान अभिनेता से उनकी बहस हो गई। लोगों का कहना है कि सिद्धार्थ प्रभु का व्यवहार काफी गुस्से वाला था और पुलिस के साथ भी उनकी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को उन्हें ज़बरदस्ती गाड़ी में बैठाना पड़ा।
शुरुआत में मामला लापरवाही से गाड़ी चलाने और नशे में ड्राइविंग का था, लेकिन अब थंगराज की मौत के बाद केस और गंभीर हो गया है। पुलिस ने बताया है कि अब अभिनेता पर लापरवाही से मौत होने का मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल अभिनेता की कार पुलिस के पास है और पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हादसा ठीक कैसे हुआ।


Click it and Unblock the Notifications











