शाहरूख के दीवाने सिद्धार्थ उन्हीं की तरह बनेंगे विलेन
फिल्म स्टूंडेट ऑफ द ईयर के शूट के समय सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कहा था कि वह बॉलीवुड में अपना आदर्श शाहरूख खान को मानते हैं। शायद इसीलिए जब सिद्धार्थ को खलनायक का रोल मिला तो वह काफी खुश हुए क्योंकि किंग खान ने भी अपनी सफलता का स्वाद निगेटिव किरदार से ही चखा था।
सिद्धार्थ (28) ने कहा, "हमने पिछले सप्ताह ही फिल्म 'हंसी तो फंसी' पूरी हो चुकी है। अब मैं लोगों को रुलाने और गुस्सा दिलाने के लिए तैयार हूं और जल्द ही 'द विलेन' की शूटिंग शुरू करूंगा।" विनिल मैथ्यू निर्देशित 'हंसी तो फंसी' में अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा, सिद्धार्थ की सह-कलाकार हैं। फिल्म अगले साल सात फरवरी को प्रदर्शित होगी।
सिद्धार्थ को यकीन है कि मोहित सूरी उनसे बुरे व्यक्ति का अभिनय बेहतर तरीके से करवा पाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं नए तरह का किरदार निभाने वाला हूं। हम अगले सप्ताह से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे, फिल्म में मेरा रंग रूप भी काफी अलग होगा। मोहित सूरी के साथ काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। वह मेरे अंदर के बुरे इंसान को बाहर निकालने के लिए बेहद सही निर्देशक हैं।" 'द विलेन' एकता कपूर के निर्माण में बन रही है। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रितेश देखमुख फिल्म के अन्य कलाकार हैं।


Click it and Unblock the Notifications












