सिद्धार्थ मल्होत्रा - कियारा आडवाणी ने शादी की अफवाहों के बीच खत्म किया रिश्ता, ये है ब्रेकअप की वजह
बॉलीवुड में इस समय शादियों का दौर है और रणबीर कपूर - आलिया भट्ट के बाद अगली शादी के लिए कयास लगाए जा रहे थे सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी को लेकर। लेकिन शादी की अफवाहों के बीच टाईम्स ऑफ इंडिया की कंफर्म रिपोर्ट ये बता रही है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी अपने रास्ते अलग कर चुके हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से इस स्टार कपल के ब्रेकअप की अफवाहें ज़ोरों पर थीं। इस बीच दोनों अपने सोशल मीडिया पर जो भी शेयर कर रहे थे उसे कोड भाषा के मेसेज मानकर लगातार फैन्स उनमें छिपा अर्थ निकाल रहे थे।

ब्रेकअप की अफवाहों के बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कियारा आडवाणी का एक वीडियो, सोशल मीडिया पर लाईक किया जिसके बाद माना गया कि ब्रेकअप की इन अफवाहों पर पूर्ण विराम लग जाएगा। लेकिन इंटरटेनमेंट टाईम्स का दावा है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा केवल मीडिया के साथ लुका छिपी खेल रहे हैं और उनका ब्रेकअप हो चुका है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इस ब्रेकअप का कारण है कि सिद्धार्थ और कियारा अब एक दूसरे के लिए पहले जैसा कुछ महसूस नहीं करते हैं और शायद उनके बीच का प्यार अब खत्म हो चुका है।

शेरशाह से जीता दिल
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 2021 में वॉर फिल्म बायोपिक शेरशाह में अपनी केमिस्ट्री से फैन्स का दिल जीता। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा जहां कारगिल हीरो, परमवीर चक्र सम्मानित शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका में थे वहीं कियारा आडवाणी उनकी प्रेमिका डिंपल के किरदार में दिखाई दी थीं। अपनी केमिस्ट्री से दोनों ने फिल्म में चार चांद लगा दिए थे।

दो सालों से कर रहे हैं डेट
सिद्धार्थ और कियारा एक दूसरे को दो सालों से डेट कर रहे हैं। उनकी डेटिंग की खबर को सबसे पहले कंफर्म किया था अक्षय कुमार ने अपनी और कियारा की फिल्म लक्ष्मी, प्रमोट करते हुए। इस दौरान, अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में चुटकी लेते हुए कियारा आडवाणी को सिद्धांतों वाली लड़की बताया था जिसे सुनकर कियारा झेंप गई थीं।

अक्सर साथ देखे गए
सिद्धार्थ मल्होत्रा से जब शादी के बारे में पूछा गया था तो उनका कहना था कि फिलहाल इस फिल्म के लिए उनके पास स्क्रिप्ट और कास्ट तैयार नहीं है लेकिन जब होगी तो वो ज़रूर इसका एलान करेंगे। लेकिन शेरशाह की रिलीज़ के बाद सिद्धार्थ और कियारा अक्सर साथ ही देखे गए। वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों एक दूसरे को अपने परिवार से भी मिलवा चुके थे।

फुल है कियारा का कैलेंडर
अगर काम की बात करें कियारा आडवाणी का डेट्स कैलेंडर फिलहाल फुल हैं क्योंकि उनकी फिल्में लाईन से रिलीज़ होने को तैयार हैं। कियारा इस वक्त केवल बड़े बैनर की फिल्मों का हिस्सा हैं जिनमें धर्मा प्रोडक्शन्स प्रमुख है। धर्मा प्रोडक्शन्स की जुग जुग जीयो, गोविंदा मेरा नाम के साथ वो अनीस बज़्मी की भूल भुलैया 2 कर रही हैं। इसके अलावा वो आशुतोष गोवारिकर की कुर्रम कुर्रम में भी दिखाई देंगी। कियारा का नाम रणवीर सिंह के साथ साउथ डायरेक्टर, शंकर की एक फिल्म के लिए भी तय माना जा रहा है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा के पास भी प्रोजेक्ट्स की भरमार
सिद्धार्थ मल्होत्रा को शेरशाह की सफलता ने रातों रात फिर से सफलता की सीढ़ी पर चढ़ने का मौका दे दिया है। जहां एक तरफ वो अपनी अगली फिल्म मिशन मजनू और अजय देवगन के साथ थैंक गॉड की शूटिंग शुरू कर चुके हैं वहीं वो धर्मा प्रोडक्शन्स की पहली एरियल एक्शन सीरीज़ योद्धा में शाहिद कपूर को रिप्लेस कर चुके हैं। इसके अलावा, लव रंजन सिद्धार्थ मल्होत्रा को सौरव गांगुली बायोपिक के लिए अप्रोच करने का प्लान बना रहे हैं। रोहित शेट्टी की कॉप वेब सीरीज़ में भी सिद्धार्थ मल्होत्रा की एंट्री हो चुकी है और इसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी है।

2022 की साथ में शुरूआत
2022 में सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने साल की शुरूआत एक साथ की थी। दोनों ने मालदीव्स में नए साल का स्वागत किया था जिसके बाद से माना जा रहा था कि इस साल दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं। ये पहली बार नहीं था जब सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी साथ में छुट्टियां मनाने गए। दोनों ने साल 2020 का भी अंत साथ ही किया था।


Click it and Unblock the Notifications











