सुशांत सिंह राजपूत के लिए पूजा सामग्री के नाम पर ड्रग्स खरीदते थे बेस्ट फ्रेंड सिद्धार्थ पिठानी - रिपोर्ट्स
सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स केस में एक बार फिर NCB के ड्राफ्ट से हलचल मच चुकी है। NCB ने NDPS (Narcotics Drugs and Psychotropic Substances) कोर्ट को एक ड्राफ्ट जमा किया है और इस ड्राफ्ट में लगभग 35 लोगों का नाम है जिनमें रिया चक्रवर्ती, शौविक चक्रवर्ती सहित सुशांत सिंह राजपूत के बेस्ट फ्रेंड और roommate सिद्धार्थ पिठानी का भी नाम शामिल है।
रिपोर्ट की मानें तो NCB ने अपने ड्राफ्ट चार्ज में ये साफ किया है कि सुशांत सिंह राजपूत जो ड्रग्स मंगाते थे उसकी कीमत सिद्धार्थ पिठानी अदा करते थे और सुशांत के बैंक के ज़रिए ड्रग्स की कीमत का भुगतान किया जाता था। हालांकि, सिद्धार्थ पिठानी इसे पूजा सामग्री का खर्च बताकर भुगतान करते थे।

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट की मानें तो सिद्धार्थ पिठानी, सुशांत के लिए ड्रग्स मुहैया कराते थे और उन्होंने ही सुशांत को इस आदत की तरफ ढकेल दिया। गौरतलब है कि सिद्धार्थ पिठानी ही वो इंसान थे जिन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के शव को पंखे से नीचे उतारा था।

कौन हैं सिद्धार्थ पिठानी
सिद्धार्थ पिठानी, सुशांत सिंह राजपूत के खास दोस्त थे जो सुशांत के साथ उनके ही फ्लैट पर रहते थे। सिद्धार्थ का नाम, पहली बार तब उठा जब सुशांत की मौत के बाद ढेरों लोगों से पूछताछ की जा रही थी लेकिन सिद्धार्थ पिठानी, मुंबई छोड़कर हैदराबाद जा चुके थे। उनके मुंबई से गायब होने पर भी ढेरों सवाल उठे थे कि जब इस केस पर इतना शक है और इतने लोगों से पूछताछ की जा रही है तो सिद्धार्थ ने मुंबई कैसे छोड़ा?
Recommended Video

रिपब्लिक को दिया था इंटरव्यू
सिद्धार्थ पिठानी, सबसे पहले, कैमरे पर आए रिपब्लिक टीवी के लिए जहां उन्होंने कुछ सवालों के जवाब दिए। सिद्धार्थ ने इस इंटरव्यू में कुबूल किया था कि मौत के बाद सुशांत को सबसे पहले देखने वाले इंसान वो थे। उन्होंने सुशांत के एक रिश्तेदार के कहने पर चाकू से फंदा काटा और सुशांत के शरीर को नीचे उतारा था। गौरतलब है कि सिद्धार्थ पिठानी पहले सुशांत सिंह राजपूत के परिवार का साथ दे रहे थे। लेकिन फिर अचानक सिद्धार्थ पिठानी परिवार के विरूद्ध जाकर रिया चक्रवर्ती का साथ देने लगे।

रिया को बेहद कम जानते थे सिद्धार्थ
सिद्धार्थ पिठानी ने सुशांत के निधन के ही कुछ दिनों बाद मुंबई पुलिस को एक चिट्ठी लिखी थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि सुशांत का परिवार उन्हें रिया के खिलाफ बयान देने को कह रहा है। और साथ ही उनसे रिया और सुशांत के खर्चों का हिसाब मांग रहा है। रिया चक्रवर्ती, 14 जून को सुशांत के निधन से कुछ दिनों पहले ही उनका घर छोड़कर चली गई थीं। पहली बार एक टीवी शो पर सिद्धार्थ ने माना था कि वो सुशांत और रिया के रिश्ते के बारे में बेहद कम जानते थे। उन्हें नहीं पता कि 8 जून की रात रिया क्यों घर छोड़कर गईं।

रिया की बताई दवाईयां, सुशांत को देते थे
सिद्धार्थ पिठानी ने ये भी कहा कि उन्हें नहीं पता था कि सुशांत डिप्रेशन के शिकार है या फिर उन्हें किसी तरह की कोई मानसिक दिक्कत है। अगर उन्हें पता होता तो वो शायद सुशांत से बात करते या फिर उसकी मदद कर पाते। उनका कहना था कि रिया ने उन्हें दवाई दी थी जिससे दो टैबलेट वो खुद सुशांत को देते थे। लेकिन पूछने पर ये नहीं बता पाए कि टैबलेट का नाम क्या था या फिर वो किस चीज़ की दवा थी।

सुशांत के करीबी थे सिद्धार्थ
सुशांत सिंह राजपूत की जो डायरी बरामद हुई उससे कुछ पन्ने फटे थे। इस बारे में सवाल किए जाने पर पहले तो सिद्धार्थ ने किसी डायरी के बारे में पता होने से इंकार किया और फिर खुद ही बताया कि सुशांत की एक आदत थी कि वो लिख कर खुद फाड़ देता था क्योंकि उसने जो लिखा वो उसे पसंद नहीं आता था। उन्होंने एक बयान में ये भी कहा था कि 13 जून की रात सुशांत सिंह राजपूत भावुक होकर रो रहे थे।

आखिरी रात पर दिया था बयान
13 जून की रात सिद्धार्थ ही वो इंसान थे जिनसे सुशांत ने आखिरी बार बात की थी। इसके बाद अगले दिन सुबह 8.30 बजे सिद्धार्थ नीचे आए और चाय पी। जिसके बाद कुक केशव ने उन्हें आकर बताया कि सुशांत सिंह राजपूत ने अपना कमरा अंदर से लॉक किया है और खोल नहीं रहे हैं। सिद्धार्थ और केशव ने कमरा खुलवाने की कोशिश की जिसके बाद चाभी बनाने वाले को बुलाया गया जिसे आने में बीस मिनट लगे। चाभी बनी और कमरा खोला गया तो सिद्धार्थ ने देखा कि सुशांत फंदे से पंखे पर लटक रहे थे।

शादी के लिए मिली थी ज़मानत
पिछले साल, सिद्धार्थ पिठानी को शादी करने के लिए 10 दिन की अंतरिम ज़मानत मिली थी। अब NCB की ड्राफ्ट चार्ज में एक बार फिर ड्रग्स केस के साथ उनको जोड़ दिया गया है और ये साफ माना जा रहा है कि सिद्धार्थ पिठानी सुशांत को ड्रग्स देने, उनके लिए ड्रग्स खरीदने, उन्हें ड्रग्स का आदी बनाने के लिए ज़िम्मेदार हैं।
[(यदि आपको या आपके जानकारी में किसी व्यक्ति को मदद की जरूरत हो, तो अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। हेल्पलाइन- COOJ मेंटल हेल्थ फाउंडेशन: 0832-2252525, स्नेहा - 044-24640050/ 044-24640060, परिवर्तन: +91 7676 602 602 )]


Click it and Unblock the Notifications











