युवराज सिंह अपनी बॉयोपिक में इस पॉपुलर एक्टर को देखना चाहते हैं- जबरदस्त च्वॉइस!
2019 में आई फिल्म 'गली बॉय' में एमसी शेर का किरदार निभाने वाले अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने दर्शकों से तारीफें बटोरने के साथ साथ इस साल कई अवार्ड भी अपने नाम किये हैं। फिल्म में जितनी तारीफ रणवीर सिंह को मिली, उतनी ही पहचान सिद्धांत को भी मिली। अपने दमदार अभिनय से सिद्धांत ने दर्शकों पर क्या छाप छोड़ा है, इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि खुद युवराज सिंह चाहते हैं कि उनकी बॉयोपिक में उनका किरदार सिद्धांत निभाए।
जी हां, हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान युवराज से पूछा गया कि वह अपनी बायोपिक में किसे देखना चाहते हैं? इस पर युवराज ने हंसते हुए कहा कि अगर ऐसा होता है तो मैं खुद अपना किरदार निभा लूंगा। लेकिन ऐसा करना सही नहीं होगा ना..

युवराज ने आगे कहा- खैर इस बात का निर्णय लेना तो डाइरेक्टर के हाथ में होता है। लेकिन यदि बॉलीवुड में मेरी बॉयोपिक बनती है, तो मुझे लगता है कि सिद्धांत चतु्र्वेदी सटीक ऑप्शन हैं। मुझे उन्हें फिल्म में देखकर खुशी होगी।
बहरहाल, कोई शक नहीं कि युवराज सिंह की च्वॉइस काफी बेहतरीन है। सिद्धांत चतुर्वेदी ने गली बॉय में जिस परफेक्शन के साथ अपना किरदार निभाया था। पूरी उम्मीद है कि यदि वो युवराज सिंह की बॉयोपिक करते हैं तो उसमें भी अपना जीजान लगा देंगे। फिलहाल सिद्धांत 'बंटी और बबली 2' और शकुन बत्रा की अगली फिल्म में दीपिका पादुकोण और अनन्या पांडे के साथ फाइनल हो चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications











