श्वेता त्रिपाठी अपने नाटक 'कॉक' को लेकर देशभर में करेंगी दौरा, LGBTQ+ कहानियों को दे रही हैं आवाज़

Shweta Tripathi- अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी अपने बोल्ड और सोच-समझकर चुने गए प्रोजेक्ट्स के लिए जानी जाती हैं। वह हमेशा से ऐसे मुद्दों और कहानियों का हिस्सा रही हैं जो समाज में बदलाव लाने का काम करते हैं।
स्क्रीन हो या स्टेज, श्वेता लगातार इस बात पर ज़ोर देती हैं कि प्राइड सिर्फ एक महीने तक सीमित नहीं होना चाहिए-यह एक चलती हुई मुहिम है जिसे साल भर पहचान और समर्थन मिलना चाहिए।
पिछले प्राइड महीना में मुंबई और दिल्ली में शानदार रिस्पॉन्स पाने के बाद, श्वेता अब अपने नाटक कॉक को भारत के अन्य शहरों में भी लेकर जाने वाली हैं। यह नाटक उनकी प्रोडक्शन कंपनी ऑल माई टी के तहत तैयार किया गया है, जो प्यार, पहचान और सेक्सुअल फ्लूइडिटी जैसे अहम विषयों को दर्शाता है। इस नाटक ने दर्शकों को गहराई से छुआ है और LGBTQ+ कम्युनिटी को लेकर ज़रूरी बातचीत शुरू की है।
श्वेता कहती हैं, "यह नाटक मेरे दिल के बेहद करीब है। प्राइड किसी एक तारीख तक सीमित नहीं है। एक सहयोगी होने का मतलब है कि आप हर दिन मौजूद रहें। समलैंगिक कहानियाँ सीज़नल नहीं होतीं-ये इंसानी कहानियाँ हैं और इन्हें साल भर जगह, सम्मान और जश्न मिलना चाहिए। एक कलाकार होने के नाते मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं उस दुनिया की विविधता को दिखाऊं जिसमें हम रहते हैं। इसलिए हम 'कॉक' को और ज़्यादा शहरों में लेकर जाएंगे। हम 2025 और 2026 में इस नाटक को और आगे ले जाने की प्लानिंग कर रहे हैं और मुझे बहुत खुशी है कि मैं नए दर्शकों से ये ज़रूरी बातचीत कर सकूंगी।"
कॉक के साथ देशभर में टूर करने के अलावा, श्वेता एक समलैंगिक लव स्टोरी पर आधारित अपनी पहली फिल्म बतौर निर्माता भी शुरू करने जा रही हैं। यह प्रोजेक्ट LGBTQ+ कम्युनिटी की कहानियों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में उनका अगला बड़ा कदम होगा।
अपने करियर में श्वेता ने हमेशा ऐसे किरदार और प्रोजेक्ट चुने हैं जो सोचने पर मजबूर करते हैं-चाहे वह मानसिक स्वास्थ्य हो, जेंडर नॉर्म्स हों या अब समलैंगिक एक्सपीरियंसेज़। उनकी साहसी कहानियाँ लगातार उन आवाज़ों को मंच देती रही हैं जिन्हें सुनना बेहद ज़रूरी है।


Click it and Unblock the Notifications











