श्वेता त्रिपाठी ने साल की धमाकेदार शुरुआत की, 2026 की पहली फिल्म ‘पलकों पे’ की शूटिंग पूरी की
Shweta Tripathi Palkon Pe: अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने अपनी आने वाली फीचर फिल्म 'पलकों पे' की शूटिंग भोपाल में सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। फिल्म की शूटिंग पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई थी और भोपाल व उसके आसपास के कई लोकेशन्स पर लगातार और कड़ी शूटिंग शेड्यूल के साथ पूरी की गई, जिसने पूरी टीम को रचनात्मक और शारीरिक रूप से चुनौती दी।

'पलकों पे' में श्वेता त्रिपाठी के साथ अभिषेक चौहान और ईशान नक़वी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। इस फिल्म को विज्ञापन जगत के चर्चित फिल्ममेकर निधीश पूझक्कल ने लिखा और निर्देशित किया है, जो अपनी कहानियों में इंसानी मनोविज्ञान को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं।
यह फिल्म एक सामाजिक ड्रामा है, जो जेंडर समानता और मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों को बहुत ही मानवीय और सच्चे अंदाज़ में दिखाती है। कहानी का केंद्र श्वेता द्वारा निभाया गया किरदार श्रद्धा अग्रवाल है।
फिल्म का निर्माण राहुल गांधी की टैम्बू एंटरटेनमेंट और सलीम जावेद की ज़रिया एंटरटेनमेंट ने किया है। 'पलकों पे' एक सोचने पर मजबूर करने वाली सामाजिक फिल्म है, जो भावनात्मक सच्चाई के साथ ज़रूरी मुद्दों पर बातचीत शुरू करने की कोशिश करती है। फिल्म 2026 में रिलीज़ होने वाली है।
शूटिंग पूरी होने पर अपने अनुभव साझा करते हुए श्वेता त्रिपाठी ने कहा, "भोपाल में लगातार और मुश्किल शूटिंग शेड्यूल ने हम सभी को काफी थकाया, लेकिन इसी ने हमारी टीम के बीच एक खास जुड़ाव और ईमानदारी भी पैदा की, जो हमारे काम में दिखेगी। 'पलकों पे' की कहानी ने मुझे इसलिए आकर्षित किया क्योंकि यह तलाक, जेंडर समानता, यौन पहचान और मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों से बिना डरे सवाल पूछती है, जिन पर अक्सर चुपचाप या हल्के में बात की जाती है। निधीश इंसानी भावनाओं को बहुत गहराई से समझते हैं और हर सीन, हर खामोशी में वह संवेदनशीलता साफ नजर आती है। एक कलाकार के तौर पर ऐसी निर्देशन आपको और गहराई से काम करने का मौका देता है।"
उन्होंने आगे कहा, "अभिषेक और ईशान के साथ काम करना भी बेहद खास अनुभव रहा। सभी ने पूरे दिल से काम किया, जिससे मुश्किल दिन भी सार्थक लगे। 'पलकों पे' की कहानी शूट खत्म होने के बाद भी मेरे साथ बनी रही है और मुझे उम्मीद है कि रिलीज़ के बाद यह दर्शकों के दिलों को भी छुएगी।"
मज़बूत रचनात्मक टीम, सामाजिक रूप से अहम विषय और दमदार अभिनय के साथ 'पलकों पे' 2026 में समकालीन भारतीय सिनेमा की एक अहम फिल्म साबित होने का वादा करती है।


Click it and Unblock the Notifications











