अक्षय ने श्रुति हसन को भी बनाया 'खतरों की खिलाड़ी'
मुंबई। बॉलीवुड के स्टंट किंग अक्षय कुमार खुद तो अपनी बहादुरी और स्ट्रांग पर्सनालिटी के लिए जाने ही जाते हैं, लेकिन आजकल वे दूसरों के डर भी दूर करने का काम कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं अक्षय कुमार और श्रुति हसन की आने वाली एक्शन फिल्म 'गब्बर' की। जिसकी शूटिंग करने के दौरान अक्षय कुमार श्रुति हसन का डर निकालते दिखाई दिए। लेकिन डर किस बात की?

दरअसल हाल में 'गब्बर' की शूटिंग एक पहाड़ी पर होने वाली थी। फिल्म की अभिनेत्री श्रुति हसन को ऊंचाई से चक्कर आने लगते हैं। लिहाजा, पहाड़ी पर शूटिंग करना अक्षय कुमार के लिए तो चुटकियों का काम हो गया, लेकिन श्रुति की हालत खराब हो गई। शूट के दौरान श्रुति काफी डरी हुई थी और वे निर्देशक की बात पर ध्यान नहीं दे पा रही थी। लेकिन इस वक्त उनका साथ दिया अक्षय कुमार ने। अक्षय ने श्रुति को शांत किया और घबराहट को खत्म किया।
अक्षय कुमार ने स्टंट रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' में बहुत सारे प्रतिभागियों का डर निकाला है। लेकिन अब वो असल जिंदगी में भी श्रुति का डर निकालने का काम कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शूटिंग 100 मीटर गहराई के सामने पहाड़ी की चोटी पर होनी थी। जिस बात को लेकर श्रुति के चेहरे पर डर साफ झलक रहा था। जिसे अक्षय ने भांप लिया और उनके डर को खत्म किया।
भोपाल में तिग्मांशु धूलिया की फिल्म 'यारा' की शूटिंग कर रही श्रुति से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। श्रुति ने कहा, 'हां, ये सच है। शुरुआत में मैं कर ही नहीं पा रही थी। मैं बिना किसी सहारे के वहां पहाड़ी की चोटी पर थी और उससे मैं कांप रही थी।'
उन्होंने आगे बताया कि, 'फिर अक्षय ने मुझे एक लंबी सांस लेने और ये भूल जाने के लिए कहा कि मैं कहां हूं। शुक्र है, उन्हीं की वजह से मैं उस डर से निकली थी।' श्रुति ने बताया, 'मैंने शूट के बाद अपने पिता को ये बताने के लिए फोन भी किया कि मैंने इसे कर लिया है।'


Click it and Unblock the Notifications











