एक और स्टार पुत्री श्रृति का आगमन
बॉलीवुड में हमेशा से स्टार पुत्र पुत्रियों के प्रति अधिक आकर्षण रहा है. शायद दर्शक उनमें उनके माता पिता की झलक देखना चाहते हों. इसी तरह अपने माता पिता की छवि लेकर एक और स्टार पुत्री फिल्मों में कदम रखने जा रही है. वह है कमल हसन तथा सारिका की 21 वर्षीय पुत्री श्रृति.
सुनने में आया है हाल ही में श्रृति ने तमिल की एक अनाम फिल्म साइन की है जिसमें उनके ऑपोज़िट माधवन होंगे. हालांकि इस बारे में अभी कोई कुछ भी कहने से इंकार कर रहा है. अपनी हर फिल्म में कुछ अनोखा करने वाले कमल हसन की बिटिया से भी यदि दर्शक कुछ ऐसी उम्मीद करें तो गलत न होगा.
कहते हैं ना “पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं" उसी तर्ज़ पर फिल्मों में बतौर नायिका आने से पहले एक गायिका हैं. उन्होंने अपने पिता की फिल्म “दसावतारम" में मल्लिका शेरावत पर फिल्माया गया आइटम नंबर गाया था.
इसके अलावा भी कुछ फिल्मों में श्रृति गा चुकी हैं. शौकिया तौर पर गाने वाली श्रृति ने हिंदुस्तानी संगीत में प्रशिक्षण लिया है. इसके साथ ही उन्होंने बॉलीवुड के एक प्रतिष्ठित संगीत संस्थान से स्नातक की उपाधि हासिल की है. अगले वर्ष अपना एल्बम निकालने वाली श्रृति की गायकी का लोहा रॉकस्टार कहलाने वाले हिमेश रेशमिया ने भी माना है.
अपनी प्रतिभा से लोगों को चकाचौंध करने वाली श्रृति की ये शुरूआत है. अभी तो उन्होंने अपने कुछ रंगो से लोगों को रुबरु करवाया है. जब अपने पिता की तरह वह अपने सारे पत्ते खोलेंगी तो क्या होगा? फिर हम यह भी नहीं भूल सकते हैं कि उसमें मां तथा नायिका सारिका के भी गुण है, जिन्होंने फिल्मों में दूसरी पारी खेलने के लिए कदम रखते ही संवेदनशील फिल्म “परज़ानिया" में बेहतरीन एक्टिंग के लिए खूब तारीफें बटोरी.


Click it and Unblock the Notifications