फेमस एक्टर के मौत की उड़ी अफवाह, छोटी बेटी का हुआ बुरा हाल, लोग रोक-रोक कर पूछ रहे ऐसे सवाल

Shreyas Talpade Death Rumour: पिछले साल दिल बॉलीवुड के उम्दा एक्टर श्रेयस तलपड़े को दिल का दौरा पड़ा था और इस खबर ने सबको चौंका कर रख दिया था। अब एक्टर से जुड़ी एक खबर ने उनके चाहने वालों को परेशान कर दिया है। एक्टर को लेकर खबरें आ रही थीं कि उनका देहांत हो चुका है, जिसे लेकर अब एक्टर का बयान सामने आया है।
श्रेयस तलपड़े ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इंटरनेट पर उनकी मौत से जुड़ी झूठी खबरों को खारिज किया। इन खबरों में दावा किया गया था कि एक्टर का सोमवार दोपहर को निधन हो गया है। इस पर कड़ा रिएक्शन देते हुए श्रेयस ने अब एक बयान जारी किया है।
अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक्टर ने एक स्लाइड शेयर की जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें एक रिपोर्ट मिली है जिसमें दावा किया गया है कि वह अब नहीं रहे और वह इसे हंसी-मजाक समझते हैं, लेकिन जब इसी तरह से सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किया जाता है, तो यह नुकसान पहुंचा सकता है। एक्टर ने यह भी कहा कि यह भले ही एक मजाक के तौर पर शुरू हुआ हो, लेकिन अब यह उनके चाहने वालों, खासकर उनके परिवार पर भारी पड़ रहा है।
श्रेयस तलपड़े ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा- "मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं जिंदा हूं, खुश हूं और स्वस्थ हूं। मुझे एक वायरल पोस्ट के बारे में पता चला है जिसमें मेरी मौत का दावा किया गया है। हालांकि मैं समझता हूं कि हंसी-मजाक की अपनी जगह है, लेकिन जब इसका गलत इस्तेमाल किया जाता है, तो यह काफी नुकसान पहुंचा सकता है। किसी ने जो मजाक के तौर पर शुरू किया था, अब उससे फालतू की परेशानियां पैदा हो रही हैं और उन लोगों की भावनाओं के साथ खेल हो रहा है जो मेरी परवाह करते हैं, खासकर मेरे परिवार की।"
इसके अलावा, श्रेयस ने यह भी बताया कि कैसे उनकी स्कूल जाने वाली बेटी इन अफवाहों से बहुत प्रभावित हुई है और अब वह इसी अफवाह के कारण परेशान हो गई है। वह लिखते हैं, "मेरी छोटी बेटी, जो हर दिन स्कूल जाती है, पहले से ही मेरी सेहत को लेकर परेशान रहती है, लगातार सवाल पूछ रही है और आश्वासन मांग रही है। यह झूठी खबर उसके डर को और बढ़ा देती है, उसे अपने दोस्तों और टीचर्स से और ज्यादा सवालों का सामना करने के लिए मजबूर करती है, जिन्हें हम एक परिवार के रूप में संभालने की कोशिश कर रहे हैं।"
एक्टर ने आगे लिखा- "मैं उन सभी का दिल से आभारी हूं जिन्होंने इस दौरान मेरा हालचाल पूछा। आपकी चिंता और प्यार मेरे लिए बहुत मायने रखता है। ट्रोल्स से मेरा एक सरल अनुरोध है: कृपया ऐसा करना बंद करें। दूसरों की कीमत पर मजाक ना करें और किसी और के साथ ऐसा ना करें। मैं नहीं चाहता कि आपके साथ ऐसा कभी हो, इसलिए कृपया संवेदनशील रहें। इंगेजमेंट और लाइक पाने के लिए कभी भी दूसरों की भावनाओं के साथ ना खेलें।"


Click it and Unblock the Notifications











