पिकनिक जैसी थी 'चश्मे बद्दूर' की शूटिंग : तापसी
'चश्मे बद्दूर' के रीमेक संस्करण से बॉलीवुड में शुरुआत करने वाली अभिनेत्री तापसी पन्नू कहती हैं कि डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की शूटिंग बहुत मजेदार रही। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान उनके साथी कलाकार पिकनिक जैसा महसूस करते थे।
पच्चीस वर्षीया तापसी ने सोमवार को यहां 'इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज' के सेट पर कहा, "फिल्म मनोरंजन से भरपूर है। हमने गोवा में इसकी शूटिंग की और यह पिकनिक जैसा अनुभव था। हमारे लिए ये ऐसी छुट्टियां थीं, जिनके लिए हमें मेहनताना मिला। हमने व्यवसायिक सिनेमा के सबसे सफलतम निर्देशकों में से एक के साथ काम किया। हम सुरक्षित हाथों में थे।"
वर्ष 1981 में प्रदर्शित हुई मूल 'चश्मे बद्दूर' फिल्म में फारुक शेख, दीप्ति नवल, राकेश बेदी व रवि बासवानी ने अभिनय किया था। नए संस्करण के सितारों में अली जफर, दिव्येंदु शर्मा व सिद्धार्थ शामिल हैं। फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही है।नए संस्करण में तापसी ने वही भूमिका निभाई है, जो मूल फिल्म में दीप्ति नवल ने निभाई थी। वह उम्मीद कर रही हैं कि दर्शकों को उनका काम पसंद आएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications












