रावलपिंडी एक्सप्रेस करेंगे बॉलीवुड की सवारी
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से पहचाने जाने वाले पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शोहैब अख्तर बहुत जल्द बॉलीवुड की फिल्म 'मैं और मेरी हिम्मत" में नज़र आने वाले हैं. इस फिल्म की निर्माता निषा एस. कात्यायन और निर्देशिका संघमित्रा चौधरी है. मज़े की बात यह है कि यह फिल्म खेल पर आधारित न होकर रोमांटिक कॉमेडी है. इस फिल्म के सन्दर्भ में पूरी बात करने के लिए हाल ही में शोहैब के मैनेजर सलमान पाकिस्तान से मुंबई आए हुए हैं.
इस फिल्म में शोहैब की नायिका हंसिका मोटवानी है. जो इन दिनों गणेश आचार्या की फिल्म 'मनी है तो हनी है" कर रही हैं. इस फिल्म के सिलसिले में अपनी सहमति जताते हुए हंसिका का कहना है कि उन्होंने अभी इस फिल्म के लिए हां नहीं कहा है. फिल्म के लिए राज़ी होना कहानी पर निर्भर है. यदि कहानी अच्छी होगी तो वे ज़रूर इस फिल्म का हिस्सा बनेंगी. पत्रकारों से हुई बातचीत में शोहैब ने भी फिल्म को साइन करने का पूरा दारोमदार कहानी पर रखा है.
शोहैब तथा हंसिका के अलावा राजपाल यादव भी इस फिल्म में अहाम भूमिका निभाने वाले हैं. जब हमनें उनसे बात की तो उन्होंने कहा '"हां यह सच है कि मैं इस फिल्म में एक अहम भूमिका निभाने वाला हूं मगर अभी उस किरदार के बारे में मैं कुछ बात नहीं करना चाहूंगा. यह मेरी हमेशा से आदत रही है कि मैं अपने किरदारों के बारे में अधिक चर्चा नहीं करता.
आपको याद दिला दें कि इससे पहले भी शोहैब को बॉलीवुड फिल्म का ऑफर महेश भट्ट की तरफ से मिल चुका है. अपनी फिल्म 'गैंगस्टर" में मुख्य भूमिका के लिए उन्होंने शोहैब से बात की थी जो किसी कारण से सफल नहीं हो पाई. बाद में यह किरदार शाइनी आहूजा ने निभाया. इस किरदार ने शाइनी को न सिर्फ दर्शकों की सराहना दिलवाई बल्कि उन्हें निर्देशकों का भी चहिता बना दिया. खैर देर आए दुरुस्त आए जो काम वह तब न कर पाए वह अब करेंगे. यानी कि इस फिल्म से तेज़ गेंदबाज़ शोहैब अख्तर मैदान की जगह सेट पर अपने जलवे दिखाएंगे. अपनी खतरनाक निगाहों से घूरने वाले शोहैब, हंसिका की आंखों में आंखें डालकर कितना रोमांस करेंगे यह तो वक़्त ही बताएगा.


Click it and Unblock the Notifications