शिवसेना ने शाहरुख के 'पाक प्रेम' पर फिर निशाना साधा
शिव सेना ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के 26/11 के आतंकवादी हमले की दूसरी बरसी पर पाकिस्तानी टीवी चैनल के लिए एक कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए सहमति दिए जाने पर उनकी आलोचना की है। वैसे शाहरुख के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि इस आरोप में जरा भी सच्चाई नहीं है और वह 'डॉन 2' की शूटिंग के लिए बर्लिन में हैं।
पार्टी के मुखपत्र सामना में एक तीखे सम्पादकीय में सेना ने कहा है कि शाहरुख भारत में रहते हैं, मुम्बई में काम करते हैं और उन्होंने मुम्बई में ही घर बनाया है लेकिन वह पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए एक पाकिस्तानी टीवी चैनल के लिए लंदन में संगीत और नृत्य का एक कार्यक्रम देने के लिए सहमत हो जाते हैं।
सम्पादकीय में कहा गया है, "यह (26/11 के हमले की वर्षगांठ) आतंकवादी हमलों का शिकार बने निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देने और शहीदों के बलिदान को याद करने की बजाए जश्न का अवसर बन रहा है।" वैसे शाहरुख के कार्यालय के एक सूत्र का कहना है, "शाहरुख बर्लिन में हैं। वह फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 2' की शूटिंग कर रहे हैं। वह कहीं नहीं जा रहे हैं। सामना में प्रकाशित कहानी में कोई सच्चाई नहीं है।"


Click it and Unblock the Notifications











