शाइनी के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल

मुंबई पुलिस ने गुरुवार को फ़िल्म अभिनेता शाइनी आहूजा के ख़िलाफ़ नौकरानी के साथ बलात्कार और धमकाने के आरोप में 109 पेज का आरोप पत्र दायर किया.
शाइनी पर इस साल 14 जून को अपने लोखंडवाला स्थित घर पर अपनी नौकरानी के साथ बलात्कार करने का आरोप है.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक़ चार्जशीट में फ़िल्म अभिनेता और पीड़ित नौकरानी की मेडिकल और फ़ारेंसिक जाँच रिपोर्ट, गवाहों और पडो़सियों के बयान का उल्लेख है. इन लोगों ने पीड़ित महिला की पुलिस में मामला दर्ज कराने में सहायता की थी.
ज़ोर-ज़बरदस्ती
पीड़ित महिला का बयान एक मजिस्ट्रेट के सामने धारा-164 के तहत दर्ज कराया गया था.
नौकरानी ने अपने बयान में कहा था कि शाइनी ने उसके साथ उस समय ज़बरदस्ती की जब उनकी पत्नी और बेटी घर पर नहीं थीं. घर में काम करने वाली दूसरी नौकरानी भी बाहर गई हुई थी.
आइनी आहूजा मुंबई की उच्च सुरक्षा वाली आर्थर रोड जेल में अपनी गिरफ़्तारी के बाद से ही बंद हैं. उनकी न्यायिक हिरासत की 13 अगस्त तक थी.
अभी हाल ही में एक सत्र अदालत ने उनकी ज़मानत याचिका यह कहकर ठुकरा दी थी कि उनके ख़िलाफ़ प्रथम द्रष्टया सबूत हैं.
पुलिस के मुताबिक शाइनी ने 14 जून को अपनी नौकरानी को अपने कमरे में पानी के लिए बुलाया और दरवाजा बंद कर उसके साथ बलात्कार किया.
पीड़ित महिला का कहना है कि शाइनी ने उसे जाने देने से पहले कुछ घंटे तक कमरे में बंद रखा.
शाइनी की मेडिकल जाँच में भी इस बात का पता चला कि उन्होंने अपनी नौकरानी के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे.
पीड़ित महिला उड़ीसा के रायगढ़ की रहने वाली है और घटना से कुछ महीने पहले ही मुंबई आई थी.


Click it and Unblock the Notifications