शाइनी आहूजा को ज़मानत मिली

नौकरानी के बलात्कार के आरोप में गिरफ़्तार हुए बॉलीवुड अभिनेता शाइनी आहूजा को ज़मानत मिल गई है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें 50 हज़ार के मुचलके पर ज़मानत दी है.
कोर्ट ने ज़मानत के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं. कुछ दिन पहले सुनवाई के दौरान शाइनी की तबीयत कोर्ट में ही बिगड़ गई थी और वो बेहोश हो गए थे.
शाइनी पर इस साल जून को लोखंडवाला स्थित घर पर अपनी नौकरानी के साथ बलात्कार करने का आरोप है.
नौकरानी के साथ बलात्कार और धमकाने के आरोप में मुंबई पुलिस ने आरोप पत्र दायर किया था और उन्हें हिरासत में ले लिया गया था.
नौकरानी की मेडिकल रिपोर्ट से भी इस बात की पुष्टि हुई थी कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए.लेकिन बलात्कार का सुबूत नहीं मिल पाया है क्योंकि उसके शरीर पर चोट या ज़ोर-ज़बरदस्ती के कोई निशान नहीं मिले.
बलात्कार का आरोप
पीड़ित महिला का बयान एक मजिस्ट्रेट के सामने धारा-164 के तहत दर्ज कराया गया था.
नौकरानी ने अपने बयान में कहा था कि शाइनी ने उसके साथ उस समय ज़बरदस्ती की जब उनकी पत्नी और बेटी घर पर नहीं थीं. घर में काम करने वाली दूसरी नौकरानी भी बाहर गई हुई थी.
पुलिस के मुताबिक शाइनी ने 14 जून को नौकरानी को अपने कमरे में पानी के लिए बुलाया और दरवाजा बंद कर उसके साथ बलात्कार किया.
पीड़ित महिला का कहना है कि शाइनी ने उसे जाने देने से पहले कुछ घंटे तक कमरे में बंद रखा.
शाइनी की मेडिकल जाँच में भी इस बात का पता चला कि उन्होंने अपनी नौकरानी के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे.
पीड़ित महिला उड़ीसा के रायगढ़ की रहने वाली है और घटना से कुछ महीने पहले ही मुंबई आई थी.


Click it and Unblock the Notifications