शिल्पा शेट्टी ने फैंस के लिए शेयर की फोटो, पैर में हुआ फ्रैक्चर, 6 हफ्ते नहीं कर पाएंगी काम
शूटिंग के दौरान शिल्पा शेट्टी अपनी टांग तुड़वा बैठी हैं। फिलहाल व्हील चेयर पर बैठकर ही उन्हें घूमना पड़ेगा। अपने टूटे पैर के साथ व्हील चेयर पर बैठकर शिल्पा शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की। इस फोटो में उनके चेहरे की मुस्कुराहट जरा भी कम नहीं होती दिख रही है। शिल्पा इस समय रोहित शेट्टी की वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' की शूटिंग कर रही है। शिल्पा ने एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसमें वह एक एक्शन सीन के लिए शूटिंग कर रही हैं।

अपने पैर टूटने की खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए शिल्पा ने मजाकिया लहजे में लिखा है, "उन लोगों ने कहा रोल, कैमरा एक्शन, ब्रेक ए लेग.. मैंने इसे सीरियसली ले लिया। फिलहाल 6 सप्ताह के लिए काम से छुट्टी ले रही हूं। लेकिन जल्द ठीक होकर वापस काम पर लौटूंगी। तब तक मेरे लिए प्रार्थना करिए। प्रार्थनाएं हमेशा काम आती हैं।"
मंगलवार को ही शिल्पा शेट्टी ने रोहित शेट्टी की वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' के सेट से एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वह एक्शन करती हुई दिखायी दे रही हैं। इस वीडियो के कैप्शन में शिल्पा ने लिखा था कि इंडियन पुलिस फोर्स के सेट पर कोई भी पल सुस्त नहीं बीतता है। सेट से लिया एकदम असली दृश्य। रोहित शेट्टी की भूमिका को बिल्कुल मिस मत किजीए। इस पोस्ट को देखकर समझ में आ सकता है कि एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान ही शिल्पा शेट्टी के पैर टूटे हैं।
पैर टूटने के शिल्पा के पोस्ट पर उनके फैंस दुआएं मांगते हुए लगातार कमेंट कर रहे हैं। शिल्पा की बहन बिग बॉस फेम शमिता शेट्टी ने लिखा है 'मेरी मुनकी शक्तिशाली'। शिल्पा के जल्द ठीक होने की दुआ मांगते हुए तनिशा, सोफी चौधरी, पारितोष त्रिपाठी, निकेतन धीर, मनीष मल्होत्रा समेत तमाम सेलिब्रिटीज ने कमेंट किया है। रोहित शेट्टी की ओटीटी वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' में शिल्पा के अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा, विवेक ओबेरॉय, ईशा तलवार समेत कई सितारे दिखेंगे। यह वेबसीरिज ओटीटी प्लेटफार्म अमेजॉन प्राइम पर दिखेगी।


Click it and Unblock the Notifications
