शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा गिरफ्तार, पॉर्न फिल्में बनाने और बेचने का आरोप
शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस की क्राईम ब्रांच ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। राज कुंद्रा पर पॉर्न फिल्में बनाने और उन्हें बांटने का आरोप लगा है। मुंबई के पुलिस कमिश्नर का कहना है कि राज कुंद्रा के खिलाफ उनके पास सारे पुख्ता सुबूत हैं। सोमवार देर शाम से ही राज कुंद्रा से क्राईम ब्रांच ऑफिस में पूछताछ की जा रही थी।
पूछताछ के बाद राज को गिरफ्तार कर लिया गया। राज पर ना सिर्फ अश्लील फिल्में बनाने बल्कि उन्हें अलग अलग एप्स के ज़रिए बेचने का भी आरोप है। इससे पहले, पुलिस राज कुंद्रा के घर भी पहुंची थी जहां उनसे पूछताछ की गई है।

गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब राज कुंद्रा इस कंट्रोवर्सी का हिस्सा बने हैं। पिछले महीने ही राज कुंद्रा ने एक कोर्ट केस के सिलसिले में सेशन कोर्ट से ज़मानत की अपील की थी। उन पर पूनम पांडे ने केस किया था।

राज की कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट
पूनम पांडे का राज कुंद्रा की कंपनी आर्म्सप्राईम मीडिया के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट था। ये कंपनी अलग अलग तरह के एप्स का काम देखती है और पूनम पांडे, राज की कंपनी क्लाईंट थीं।

कॉन्ट्रैक्ट के बाद भी इस्तेमाल किए अश्लील वीडियो
पूनम पांडे का एप एक एडल्ट एप है और राज की कंपनी इसी एप का काम देखती थी। लेकिन ये कॉन्ट्रैक्ट 8 महीने पहले ही खत्म हो गया था। पर पूनम पांडे का कहना था कि राज कुंद्रा की कंपनी उनके वीडियो और तस्वीरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं।

किया था धोखाधड़ी का केस
पूनम पांडे ने इसके बाद राज कुंद्रा पर धोखाधड़ी का केस किया था। साथ में पूनम पांडे का आरोप था कि राज कुंद्रा की कंपनी ने उनके वीडियो और तस्वीरों के ज़रिए पूनम का नंबर भी लीक कर दिया है जिसके बाद उन्हें लगातार अश्लील मेसेज आ रहे हैं।

मुझसे पैसे कमा रहे हैं राज - पूनम
पूनम पांडे ने मीडिया में साफ किया था कि राज कुंद्रा की कंपनी, पूनम पांडे की तस्वीरें और वीडियो बेचकर ही पैसे कमा रही हैं। पूनम ने यहां तक कहा डाला था कि राज कुंद्रा शायद आर्थिक तंगी से गुज़र रहे हैं।

राज ने किया था खबरों का खंडन
उस दौरान राज कुंद्रा ने इन सभी खबरों का खंडन करते हुए कहा था कि जिस कंपनी की पूनम पांडे बात कर रही हैं, उस कंपनी को राज काफी पहले ही छोड़ चुके हैं। लेकिन अब राज कुंद्रा की गिरफ्तारी और पूनम पांडे की बातों में कहीं ना कहीं लिंक दिखाई दे रहा है। मुंबई पुलिस का भी कहना है कि सारे सुबूत मिलने के बाद ही राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications