मिस्टर इंडिया डायरेक्टर शेखर कपूर FTII के चेयरमैन नियुक्त, मार्च 2023 तक कार्यरत
मशहूर डायरेक्टर शेखर कपूर, फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, पुणे के नए चेयरमैन नियुक्त हुए हैं। इसी के साथ शेखर कपूर को FTII सोसाइटी का प्रेसीडेंट भी नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ये नियुक्ति की है और शेखर कपूर इस पद पर मार्च 3, 2020 तक कार्यरत रहेंगे।
FTII के वर्तमान चेयरमैन का कार्यकाल सितंबर 2020 में समाप्त हो रहा था जिसे तीन महीने के लिए बढ़ाया गया था। शेखर कपूर की पूर्व पत्नी, सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने उन्हें अपनी नई ज़िम्मेदारी के लिए बधाई दी है।

गौरतलब है कि शेखर कपूर भारत के उन चंद फिल्ममेकर में से एक हैं जिन्हें विश्व सिनेमा की भी बेहतरीन समझ है। शेखर कपूर को समय से आगे फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। उनकी फिल्म मिस्टर इंडिया भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्मों में से एक जानी जाती है।
शेखर कपूर को 2000 में पद्मश्री की उपाधि से नवाज़ा गया था। उनकी फिल्म बैंडिट क्वीन को बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। वहीं 1999 में आई उनकी हॉलीवुड फिल्म एलिज़ाबेथ को बेस्ट मेकअप का एकैडमी अवार्ड मिला था।
एलिज़ाबेथ के लिए केट ब्लांशे को बेस्ट एक्ट्रेस का गोल्डन ग्लोब अवार्ड मिला और बेस्ट ब्रिटिश फिल्म के लिए बाफ्टा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। हाल ही में शेखर कपूर का नाम सुशांत सिंह राजपूत के कारण काफी चर्चा में रहा है।
शेखर कपूर, सुशांत सिंह राजपूत के साथ पानी नाम की फिल्म बना रहे थे जिसे यशराज फिल्म्स प्रोड्यूस करने वाली थी। लेकिन फिर फिल्म का बजट बढ़ता गया और आदित्य चोपड़ा - शेखर कपूर के बीच फिल्म को लेकर काफी मनमुटाव हो गए। प्रोजेक्ट बंद कर दिया गया था।
सुशांत की मौत के बाद शेखर कपूर ने ट्वीट किया था कि मैं जानता हूं कि तुम किन लोगों की वजह से दुखी थे। तुम मेरे कंधे पर सर रखकर रोया करते थे। काश इन छह महीनों में मैं तुम्हारे आस पास रह पाता।


Click it and Unblock the Notifications













