'कैफी एंड आई' पर फिल्म देखना चाहती हैं शौकत

ये मेरी और कैफी की प्रेम कहानी है
'कैफी एंड आई' के लोकार्पण के दौरान शौकत आजमी ने कहा, "यदि मेरी किताब पर एक फिल्म बनती है तो मुझे बहुत खुशी होगी.. मेरी और कैफी आजमी की प्रेम कहानी और बेहद गरीबी में भी हमारे खुशहाल जीवन जीने पर आधारित इस किताब पर एक अच्छी फिल्म बन सकती है।" शौकत की वास्तविक किताब 'याद की रहगुजर' उर्दू भाषा में है और नसरीन रहमान ने इसका अंग्रेजी अनुवाद किया है।
फिल्म के मुख्य किरदारों के रूप में वह किसे देखना चाहती हैं पूछने पर शौकत ने कहा, "अभिषेक बच्चन को कैफी का और सोनम कपूर को मेरा किरदार करना चाहिए।" 'कैफी एंड आई' शौकत आजमी और उनके लेखक पति कैफी आजमी की जीवन यात्रा पर आधारित है। शौकत ने बताया कि किताब में हर किस्सा बिना किसी बनावट के लिखा गया है।
उन्होंने कहा, "यह किताब मेरे जीवन पर आधारित है और मैंने वही लिखा है जो मैंने जिया है। किताब को लिखते वक्त मैंने न तो किसी बात को बढ़ा-चढ़ाकर लिखा है और न ही कोई गढ़ी हुई कहानी लिखी है। शायद इसीलिए इस किताब को इतनी लोकप्रियता मिली है और जापानी, मराठी, हिंदी और अब अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में इसका अनुवाद हो चुका है।" अभिनेत्री तब्बू ने शौकत की किताब का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर शबाना आजमी, जावेद अख्तर, फरहान अख्तर मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि शौकत आज़मी हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री शबाना आज़मी की मां हैं। शबाना के पिता कैफी आज़मी उर्दू के मशहूर शायर और प्रसिद्द कम्यूनिस्ट नेता थे। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था।


Click it and Unblock the Notifications