शशि कपूर को दादा साहब फाल्के पुरस्कार..जानें क्या होता है यह सम्मान!
[बॉलीवुड न्यूज] बीते जमाने के सुपरहिट अभिनेता शशि कपूर को भारत सरकार ने फ़िल्मों में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार देने की घोषणा की है। आपको बता दें, फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कपूर खानदान में तीसरा दादा साहब फाल्के पुरस्कार होगा। शशि कपूर से पहले उनके पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राजकपूर को भी यह सम्मान मिल चुका है।

शशि कपूर ने अपनी फिल्मों से हिन्दी सिनेमा में एक अहम जगह बनाई है। सौ से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके शशि कपूर ने नमक हलाल, दीवार, जब जब फूल खिले, कभी-कभी जैसी सुपरहिट फिल्मों में यादगार किरदार निभाए हैं। फिल्म दीवार में उनके द्वारा कहा गया डॉयलोग, ''मेरे पास मां है''..आज भी लोगों के जेहन में जिंदा है।
शशि कपूर को यह सम्मान दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अभिनेता को बधाई दी है। बहरहाल, नीचे पढ़ें क्या है दादा साहब फाल्के अवार्ड-
- दादा साहब फाल्के को 'फादर ऑफ इंडियन सिनेमा' कहा जाता है। 30 अप्रैल, 1870 को जन्मे दादा साहब ने भारतीय सिनेमा को बसाने में विशेष भूमिका निभाई। इन्होंने 1913 में फिल्म राजा हरिचन्द्र बनायी थी। जिसमें काम करने वाले भी सभी भारतीय थे। इसके अलावा 1944 तक इन्होंने भारतीय सिनेमा को मजबूत करने को कोई कसर नहीं छोड़ी। इसी दौर से इन्हें सिनेमा का जनक कहा जाने लगा।
- इस अवार्ड की शुरूआत 1969 में दादा साहब फाल्के की सौंवीं जयंती के अवसर पर की गई थी। भारत सरकार द्वारा यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा के विकास में उल्लेखनीय योगदान करने के लिए दिया जाता है।
- दादा साहब फाल्के पुरस्कार में भारत सरकार की ओर से विजेता को दस लाख रुपये नकद, स्वर्ण कमल और शॉल प्रदान किया जाता है।
- दादा साबह फाल्के अवार्ड पाने वाली पहली कलाकार देविका रानी है। इसके बाद अब तक करीब 45 लोगों को यह सम्मान मिल चुका है।
- भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला यह पुरस्कार हर साल दिया जाता है। यह किसी व्यक्ति विशेष को भारतीय सिनेमा में उसके आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है। दादा साहब फाल्के पुरस्कार हर वर्ष के अंत में राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों के साथ दिया जाता है।
विशेष नोट- फिल्म जगत की और भी रोचक खबरें सीधे अपने मोबाइल पर पढ़ें। टाइप करें hindi.filmibeat.com और रहें हमेशा अपडेट।


Click it and Unblock the Notifications











