कौन है शर्मिष्ठा पनोली और किस बयान से उड़ाई सरकार की नींद? सपोर्ट में उतरे कंगना रनौत से लेकर पवन कल्याण

Sharmishta Panoli: कोलकाता पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम ने इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गिरफ्तार किया है। इसके बाद से ही इस हसीना का नाम काफी सुर्खियों में आ गया है। हम आपको बता रहे हैं कि आखिर कौन है शर्मिष्ठा पनोली और उन्हे लेकर क्या बवाल मचा हुआ है। गिरफ्तारी के बाद शर्मिष्ठा पनोली के सपोर्ट में कंगना रनौत से लेकर पवन कल्याण भी आ गए हैं।
22 साल की लॉ (Law) की छात्रा को कोलकाता पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। इसके बाद अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 13 जून तक जेल भेज दिया गया। हालांकि उन्होंने वीडियो डिलीट कर माफी भी मांगी थी। बावजूद इसके गिरफ्तारी ने सोशल मीडिया पर उबाल ला दिया है।
लोगों ने ममता बनर्जी सरकार और कोलकाता पुलिस पर सवालों की बौछार कर दी है। कई यूज़र्स पूछ रहे हैं कि "क्या ये गिरफ्तारी अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है?" तो कुछ इसे राजनीतिक दबाव और चयनात्मक कार्रवाई करार दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर #ReleaseSharmistha, #Sharmishta और #IStandwithSharmishta ट्रेंड कर रहा है। हर तरफ यही सवाल गूंज रहा है: "जब माफी मांग ली, तो जेल क्यों?"
सपोर्ट में आई कंगना रनौत
शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी मामले में एक्टर से नेता बनीं कंगना रनौत भी खुलकर सामने आ गई हैं। पनोली के पक्ष में बोलते हुए कंगना ने कहा है कि "सच बोलने वालों को चुप कराया जा रहा है।" कंगना ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए ममता सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पवन कल्याण ने भी किया सपोर्ट
जनसेना पार्टी के चीफ पवन कल्याण ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लॉ की छात्रा शर्मिष्ठा ने अपनी बात रखी। कुछ लोगों को उनके शब्द आपत्तिजनक लगे। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और वीडियो डिलीट कर माफी मांग ली। पश्चिम बंगाल पुलिस ने शर्मिष्ठा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तुरंत कार्रवाई की।" उन्होंने सवाल पूछा, "जब टीएमसी के चुने हुए नेता, सांसद सनातन धर्म का मजाक उड़ाते हैं तो लाखों लोगों को बहुत दुख होता है, उसका क्या?"
पवन कल्याण ने पूछा, "जब हमारे धर्म को गंध धर्म कहा जाता है तो गुस्सा कहां है? उन नेताओं की माफी कहां है? तुरंत उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?" उन्होंने कहा, "धर्मनिरपेक्षता कुछ लोगों के लिए ढाल और दूसरों के लिए तलवार नहीं है। पश्चिम बंगाल पुलिस आपको पूरा देश देख रहा है। सभी के लिए न्यायपूर्ण कार्य करें। मैं शर्मिष्ठा के साथ खड़ा हूं।"
कौन है शर्मिष्ठा पनोली
शर्मिष्ठा पनोली पुणे की रहने वाली एक कानून की छात्रा हैं और सोशल मीडिया पर एक प्रभावशाली चेहरा मानी जाती हैं। उनके वीडियोज़ अकसर तेज़ भाषा और कड़े राजनीतिक विचारों से भरे होते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले भी पाकिस्तान के खिलाफ वीडियो पोस्ट किए हैं और हाल ही में भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर भी मुखर रहीं।
क्या है पूरा मामला
आरोप है कि उन्होंने भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर किया था, जिसमें एक खास समुदाय पर टिप्पणी की गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भारी नाराज़गी और विरोध का कारण बन गया।
पनोली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने बॉलीवुड अभिनेताओं को ऑपरेशन सिंदूर पर चुप्पी साधने के लिए लताड़ा। पुलिस का कहना है कि वीडियो में प्रयुक्त भाषा भड़काऊ थी और एक विशेष समुदाय को निशाना बना रही थी।
वीडियो वायरल होते ही पनोली को सोशल मीडिया पर धमकियां मिलनी शुरू हो गईं। इसके बाद उन्होंने वीडियो डिलीट कर एक सार्वजनिक माफ़ी पोस्ट जारी की, जिसमें उन्होंने कहा: जो कुछ भी मैंने कहा वो मेरी निजी भावना थी। मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। यदि किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं क्षमा चाहती हूं। अब से मैं अपने पब्लिक पोस्ट में सतर्क रहूंगी।


Click it and Unblock the Notifications
