शरमन जोशी के पिता अरविंद जोशी का निधन- परेश रावल ने जताया शोक, कहा- 'थियेटर जगत का बड़ा नुकसान'
दिग्गज थियेटर आर्टिस्ट और अभिनेता शरमन जोशी के पिता अरविंद जोशी का आज (29 जनवरी 2021) निधन हो गया। मुंबई के नानावटी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांसे ली। वो 84 साल के थे और उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। अरविंद जोशी के निधन पर अभिनेता परेश रावल ने शोक व्यक्त किया है और कहा कि थियेटर जगत के लिए यह बड़ा नुकसान है।
अरविंद जोशी ने कई हिट गुजराती फिल्मों में काम किया है। लेकिन उनकी पहचान गुजराती नाटकों में अभिनय और निर्देशक के तौर पर बनीं। अगर हिंदी फिल्मों की बात करें तो अरविंद जोशी ने इत्तेफाक, शोले, अपमान की आग, खरीदार, नाम जैसी तमाम फिल्मों में सहायक कलाकार के तौर पर छोटी-छोटी भूमिकाएं भी निभाईं थीं। उन्होंने कई हिंदी सीरियलों में भी काम किया है।

परेश रावल ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, "भारतीय रंगमंच को बड़ा नुकसान। बेहद दु:ख के साथ हम जाने-माने अभिनेता श्री अरविंद जोशी को अलविदा कहते हैं। एक स्टालवार्ट, एक बहुमुखी अभिनेता, एक निपुण थीस्पियन, ये वो शब्द हैं जो उनके प्रदर्शन के बारे में सोचते हुए मेरे दिमाग में आते हैं। शरमन जोशी और उसके परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदना। ओम शांति.."
वहीं, अरविंद जोशी के समधी और जाने-माने एक्टर प्रेम चोपड़ा ने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए कहा, "अरविंद एक बहुत ही नेकदिल इंसान थे। उम्र संबंधी तमाम बीमारियों से जुड़ी जटिलताओं की वजह उनकी तबीयत काफी खराब हो गयी थी और इसीलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। गुजराती थिएटर में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।"
बता दें, अरविंद जोशी के दो बच्चे हैं- शरमन जोशी और मानसी जोशी रॉय। दोनों इंटरटेनमेंट जगत के जाने माने कलाकार हैं।


Click it and Unblock the Notifications











