बहन के लिए बिग बॉस छोड़ा

जानीं-मानीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की बहन और कुछ चर्चित फ़िल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री शमिता शेट्टी बिग बॉस का घर छोड़कर बाहर आ गई हैं.
वजह उनकी बहन शिल्पा की इसी महीने की 22 तारीख़ को होने वाली शादी है.
चार अक्तूबर से बिग ब्रदर की तर्ज पर बनने वाले रियालिटी शो बिग बॉस का तीसरा सीजन शुरू हुआ है. इस कार्यक्रम में शमिता शेट्टी भी शामिल हुई थी.
शिल्पा शेट्टी 22 नवंबर को ब्रिटेन के व्यवसायी राज कुंद्रा से शादी कर रही हैं.
24 अक्तूबर को दोनों की सगाई हुई थी और बिग बॉस में शामिल होने के कारण इसमें भी शमिता शामिल नहीं हो पाई थी.
बिग बॉस के घर से निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में शमिता ने कहा कि परिवार उनके लिए प्राथमिक है.
उन्होंने कहा,"मैं शिल्पा की शादी को लेकर काफ़ी उत्साहित हूँ. परिवार मेरे लिए प्राथमिक है. मैं बिग बॉस के घर से बाहर आने के अलावा कुछ और नहीं कर सकती थी."
वैसे 24 अक्तूबर को सगाई के बाद शिल्पा शेट्टी ने कहा था कि उन्हें सगाई के मौक़े पर शमिता की कमी महसूस हुई. उन्होंने उम्मीद जताई थी कि शमिता शादी में ज़रूर शामिल होंगी.


Click it and Unblock the Notifications