'रजनीकांत की कामयाबी का एक % भी नहीं हूं'
दक्षिण के सुपरस्टार धनुष को भले ही बॉलीवुड सिर आंखों पर बैठा रहा है। लेकिन धनुष को उनके ससुर सुपरस्टार रजनीकांत के साथ उनकी शोहरत और प्रतिभा की तुलना बेमतलब मालूम पड़ती है। धनुष के मुताबिक उन्होंने रजनीकांत की सफलता का एक फीसदी भी अभी तक नहीं पाया है। आपको बता दें, धनुष आर बाल्कि की फिल्म 'शमिताभ' में अमिताभ बच्चन के सामने नजर आने वाले हैं।
रजनीकांत से अपनी तुलना पर धनुष कहते हैं कि, 'रजनीकांत ने जितना कुछ हासिल किया है, उसका एक फीसदी भी मेरे पास नहीं है। मुझे लगता है कि उनके साथ मेरी तुलना करने के लिए कोई कारण ही नहीं है। वह सम्राट हैं, सिनेमा के भगवान हैं। वह हमेशा सर्वश्रेष्ठ रहेंगे। जबकि मेरा करियर अभी शेप ले रहा है।' आपको बता दें, धनुष ने रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्य से शादी की है।
शमिताभ को लेकर धनुष काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह हिंदी फिल्मों के उन सभी एक्टरों के कायल हैं, जो सिक्स और ऐट पैक एब्स के लिए इतनी मेहनत करते हैं। यानि की धनुष का इशारा किस ओर है आप समझ सकते हैं। इस लिस्ट में बॉलीवुड की खान तिकड़ी तो जरूर शामिल होगी।
धनुष ने कहा, 'सिक्स और ऐट पैक एब्स बनाने में बहुत मेहनत लगती है। जिन एक्टरों ने इतनी मेहनत की है, उनकी मैं बहुत इज्जत करता हूं। लेकिन मैं जैसा हूं, उसी तरह काम करना चाहता हूं। मैं अपनी उम्र का ही लगना चाहता हूं और वैसी ही भूमिकाएं करना चाहता हूं।' शमिताभ के पहले धनुष फिल्म रांझणा में दिखे थे, जिसके लिए न सिर्फ दर्शक बल्कि समीक्षकों ने भी उन्हें काफी सराहा था।


Click it and Unblock the Notifications
