देसी सुपरहीरो 'शक्तिमान' पर बनेगी फिल्म- टीजर के साथ धमाकेदार घोषणा, बॉलीवुड सुपरस्टार की एंट्री
90 के दशक का सबसे पॉपुलर सुपरहीरो 'शक्तिमान' एक बार फिर वापस आ रहा है, लेकिन इस बार छोटी स्क्रीन पर नहीं, बल्कि एक फिल्म ट्रायलॉजी के रूप में। भव्य टीज़र के साथ इस सुपरहीरो फिल्म की घोषणा की गई है। साथ ही बताया गया है एक बॉलीवुड सुपरस्टार इसमें मुख्य भूमिका निभाएंगे। बता दें, सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल प्रोडक्शंस ने फिल्म के अडेप्शन अधिकार हासिल कर लिए हैं।
फिल्म में टीजर में दिखाया गया है कि एक बड़ा उल्कापिंड धरती की तरफ बढ़ रहा है। वहीं धरती को बचाने के लिए शक्तिमान फिर से पहुंच जाते हैं। इसमें शक्तिमान की कुछ झलक दिखती हैं, जिस में उनकी ड्रेस के साथ ही चश्मा और कैमरा दिखता है।

सोनी ने अपने 'शक्तिमान' के टीजर को ट्वीट करते हुए लिखा, 'कई सुपरहीरोज की भारत और पूरी दुनिया में सफलता के बाद, अब वक्त है हमारे देसी सुपरहीरो का।'
वहीं दूसरी तरफ दूरदर्शन पर शक्तिमान का किरदार निभाने वाले एक्टर मुकेश खन्ना ने भी 'शक्तिमान' का टीजर शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं लेट हो गया हूं आपको बताने में क्योंकि ये खबर वायरल हो चुकी है कि हम 'शक्तिमान' फिल्म बना रहे हैं। फिर भी मेरा ये फर्ज बनता है कि मैं आपसे कहूं कि जो मैंने वादा किया था वो पूरा कर दिया है। 'शक्तिमान' फिल्म की घोषणा हो चुकी।"

तीन पार्ट में बनेगी फिल्म
मुकेश खन्ना ने कुछ महीने पहले ही बड़ी घोषणा करते हुए बताया था कि वो 'शक्तिमान' को एक फिल्म फ्रेंचाइजी का रूप देने वाले हैं। इस फिल्म को तीन पार्ट में बनाया जाएगा, जिसमें शक्तिमान के शुरुआत से लेकर अंत के सफर को दिखाया जाएगा।

देसी सुपरहीरो
मुकेश खन्ना का कहना है कि देश में 'शक्तिमान' बतौर सुपर हीरो 'कृष' और 'रा-वन' से भी बड़ा कद रखता है। भले ही इन फिल्मों को बनाने में करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं लेकिन यह शक्तिमान जितने लोकप्रिय नहीं हो पाए हैं।

बॉलीवुड सुपरस्टार की एंट्री
इस प्रोजेक्ट की शूटिंग अब तक तो शुरू हो चुकी होती है लेकिन कोरोना की वजह से रुकावट आ गई। इस फ्रैंचाइजी में शक्तिमान का किरदार निभाने के लिए एक बड़े सुपरस्टार को लॉक किया गया है। फिलहाल रणवीर सिंह, विकी कौशल जैसे एक्टर का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है।

शक्तिमान
मुकेश खन्ना ने कहा, यह फ्रेंचाइजी तो भारतीय है लेकिन इसका स्तर एकदम अंतर्राष्ट्रीय होगा।
बता दें, शक्तिमान एक टेलीविजन सुपरहीरो शो था, जो साल 1997 से लेकर 2005 तक प्रसारित हुआ। इस शो के निर्माता और मुख्य कलाकार मुकेश खन्ना थे।


Click it and Unblock the Notifications