शाहरुख़ बने मैनेजमैंट गुरु
मैनेजमैंट गुरु, अर्थशास्त्री और फ़िल्मकार अरिन्दम चौधरी की नई किताब, ‘डिस्कवर द डायमंड इन यू ’ का कल नई दिल्ली में लॉंच हुआ. इस किताब का विमोचन किया बॉलीवुड एक्टर शाहरुख़ ख़ान ने. साथ ही शाहरुख़ ने इस किताब का प्राक्कथन भी लिखा है.
ये किताब अरिंदम ने अपने पिता को समर्पित की है. इस मौके पर शाहरुख़ ने कहा कि वो उन लोगों को पसंद करते हैं जो अपने माता-पिता के बारे में सोचते हैं. शाहरुख़ ने कहा, “हम जो कुछ भी हैं, हमारे जीवन मूल्य, सब कुछ अपने माता-पिता की वजह से होता है.”
अरिन्दम चौधरी कहते हैं कि ‘डिस्कवर द डायमंड इन यू’ में न सिर्फ़ कॉरपोरेट जगत बल्कि आम आदमी के लिए भी सफलता के नुस्खे हैं.
शाहरुख़ का कहना है कि वो सकारात्मक सोच में विश्वास करते हैं. शाहरुख़ ने कहा, “मैं मानता हूं कि अगर हम ख़राब सोचेंगे तो दुनिया में भी ख़राब होगा.”
शाहरुख़ की ये सोच उनकी नानी से प्रेरित है. उन्होंने कहा, “मेरी नानी कहा करती थीं कि हमारी सोच से, हमारे इर्द-गिर्द जो दुनिया में चीज़े हैं, वो बन जाती हैं. मैं इस बात को मानता हूं और इससे मुझे फ़ायदा हुआ है.”
शाहरुख़ कहते हैं कि आम आदमी को अपनी रोज़-मर्रा की ज़िंदगी में भी इस नियम को मानना चाहिए.
इस मौके पर ऐक्ट्रैस चित्रांगदा सिंह भी मौजूद थीं जिन्होंने किताब के कुछ अंश पढ़े.


Click it and Unblock the Notifications