शाहरुख खान की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल 'जवान', डायरेक्टर एटली ने किया भारी भरकम बजट का खुलासा

Jawan Budget: फिल्म जवान की रिकॉर्डतोड़ सफलता को देखते हुए बीते दिन फिल्म की सक्सेस मीट रखी गई है, जहां फिल्म की पूरी स्टारकास्ट समेत निर्देशक और पूरी टीम मौजूद रही। बता दें, जवान भारत में बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड यह 700 करोड़ क्लब में एंट्री ले चुकी है।
जवान के इवेंट में शाहरुख खान, एटली, दीपिका पादुकोण, विजय सेतुपति, सान्या मल्होत्रा, रिद्धि डोगरा जैसे कलाकार मौजूद रहे। इस मौके पर फिल्म के डायरेक्टर एटली ने फिल्म के बजट के बारे में बात की और बताया कि कैसे लॉकडाउन के दिनों में इन्होंने इस भारी भरकम फिल्म की शुरुआत की थी।
जवान के बजट पर बोले एटली
एटली ने जवान के बजट पर बात करते हुए कहा, "मैंने कोविड के दौरान जूम कॉल पर सभी को ये फिल्म सुनाई थी। मैं जानता था कि थिएटर्स में लोग नहीं जा रहे हैं, ऐसे में कोई 30-40 करोड़ की फिल्म को भी ग्रीनलाइट नहीं दे रहा था। मैं समझता हूं क्योंकि मैं भी प्रोड्यूसर हूं। लेकिन सर (शाहरुख खान) ने 300 करोड़ी फिल्म को ग्रीनलाइट दिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।"
इसके बाद उन्होंने आगे कहा, "हालांकि हम 300 करोड़ पर नहीं रुके, हम ज्यादा गए। लेकिन अब हमारी फिल्म ब्लॉकबस्टर हो चुकी है.. तो हम सभी बेहद उत्साहित हैं।"
बता दें, एटली ने अब तक केवल पांच फिल्मों का ही निर्देशन किया है। और उनकी पांचो फिल्में ब्लॉकबस्टर रही हैं। साउथ में उन्होंने विजय से लेकर रजनीकांत तक, सभी सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। जवान के साथ उन्होंने पहली पैन- इंडिया फिल्म बनाई है, जो बॉक्स ऑफिस पर अब सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











