मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल के स्पेशल गेस्ट होंगे शाहरुख खान- 8 अगस्त को होगी शुरुआत
सुपरस्टार शाहरुख खान को मेलबर्न में हो रहे दसवें भारतीय फिल्म फेस्टिवल में बतौर स्पेशल गेस्ट आमंत्रित किया गया है। ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरियन सरकार द्वारा संचालित, मेलबर्न का यह भारतीय फिल्म महोत्सव 8 से 17 अगस्त तक है। इस साल इस उत्सव की थीम 'साहस' निर्धारित की गई है। शाहरुख 8 अगस्त को फेस्टिवल की आधिकारिक शुरुआत करेंगे।
ओवरसीज में शाहरुख खान की फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी है। इस फेस्टिवल का हिस्सा बनने पर शाहरुख ने कहा, 'मैं मुख्य अतिथि के रूप में इस फेस्टिवल की शुरुआत के लिए विक्टोरियन सरकार और मेलबर्न के इंडियन फिल्म फेस्टिवल से आमंत्रण पाकर काफी खुश और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। हमारी इतनी बड़ी और विविधता वाली इंडस्ट्री का जश्न जोश और उत्साह के साथ मनाए जाने योग्य है और यही तो फेस्टिवल का मतलब है।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं इस साल फेस्टिवल के थीम 'साहस' को लेकर खासतौर पर खुश हूं। साहस एक ऐसी भावना है, जो उन राइटर्स के साथ रिफ्लेक्ट होती है, जो वास्तव में समाज और दुनिया को बदलने की क्षमता रखते हैं। मेलबर्न में 'चक दे इंडिया' की शूटिंग की बहुत अच्छी यादें अब तक मेरे दिल में बसी हैं और इस बार फिर से यहां भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने के लिए मैं बहुत उत्सुक हूं।'
फिल्मों की बात करें तो 'जीरो' के बाद शाहरुख खान ने फिलहाल किसी फिल्म से जुड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अफवाहों की मानें तो राजकुमार हिरानी की अगली फिल्म में शाहरुख दिख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications