डंकी के बाल की वजह से महीनों के लिए टल गया शाहरूख खान का सलमान खान के साथ टाईगर 3 का कैमियो शूट
शाहरूख खान और सलमान खान को जब भी फैन्स साथ में देखते हैं, काफी उत्साहित हो जाते हैं। यही कारण है कि शाहरूख खान की पठान में सलमान खान का कैमियो और सलमान खान की टाईगर 3 में शाहरूख खान का कैमियो देखने के लिए फैन्स काफी ज़्यादा उत्साहित हैं। दोनों ही यशराज फिल्म्स का प्रोजेक्ट हैं।
अब सलमान खान तो शाहरूख खान की पठान के लिए अपना कैमियो शूट कर चुके हैं लेकिन शाहरूख खान, सलमान खान की टाईगर 3 के लिए अपना कैमियो अभी तक शूट नहीं कर पाए हैं। ये शूटिंग जून में होनी थी लेकिन एक बार फिर से ये शूट महीनों के लिए टल गया है।

दरअसल, पिछली बार ये शूटिंग नवंबर में होनी थी लेकिन उस वक्त शाहरूख खान, आर्यन खान के ड्रग्स केस में परेशान थे और इस शूटिंग को तुरंत कैंसिल कर दिया गया। अब ये शूटिंग जून में होनी थी लेकिन शाहरूख खान, अब राजकुमार हिरानी की फिल्म डंकी की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। इस फिल्म के लिए शाहरूख को एक खास लुक दिया गया है और इस लुक की खासियत हैं शाहरूख के बाल।
जी हां, डंकी में शाहरूख खान एक खास तरह की विग का इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें इस शेड्यूल के लिए इसी लुक में रहना होगा। यही कारण है कि वो किसी और भी प्रोजेक्ट की शूटिंग नहीं कर पा रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इसके बाद शाहरूख खान एटली की फिल्म का शेड्यूल पूरा करेंगे जिसका टीज़र अनाउंसमेंट जून के दूसरे हफ्ते में होना है। इसके बाद ही शाहरूख खान, सलमान खान के साथ टाईगर 3 की शटिंग शुरू कर पाएंगे।

हमेशा करते हैं फैन्स को उत्साहित
गौरतलब है कि शाहरूख खान और सलमान खान, जब भी जहां भी साथ आते हैं, उन्हें देखने के लिए फैन्स उत्साहित हो जाते हैं। हाल ही में करण जौैहर की पार्टी से भी दोनों की साथ में एक तस्वीर काफी वायरल हुई। दोनों की दोस्ती में एक वक्त ऐसा भी था जब दोनों के बीच कुछ गलतफहमियां हुईं और दोनों ने उसे मिटाने की कोशिश कभी नहीं की। इसके बाद काफी सालों तक दोनों साथ नहीं थे। लेकिन फिर जब दोनों साथ आए तो उनके बनाए Moments, फैन्स के लिए बेहद खास हो गए। देखिए ऐसी ही कुछ तस्वीरें।

रजत शर्मा लेकर आए साथ
यूं तो शाहरूख और सलमान के बीच की सारी दूरियां मिटीं एक ईद पार्टी पर जब बाबा इफ्तार की पार्टी में दोनों आमने सामने आए और एक दूसरे को गले लगा लिया। लेकिन उसके बाद उन्हें एक मंच पर लेकर आए रजत शर्मा। रजत शर्मा के शो के 25 साल के सेलिब्रेशन पर शाहरूख, सलमान और आमिर तीनों एक साथ आए।

अर्पिता की शादी पर आए साथ
ये तस्वीर सलमान खान की बहन, अर्पिता खान शर्मा की शादी के पहले की है। दोनों की ये पहली तस्वीर थी जो वायरल हुई थी। इस तस्वीर के साथ शाहरूख और सलमान की दोस्ती का एक नया अध्याय शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों जब भी साथ आए, उनकी तस्वीरों ने फैन्स को काफी खुश कर दिया।

सलमान का शाहरूख पोज़
अर्पिता की शादी में शाहरूख का ये मुस्कुराता अंदाज़ और सलमान खान का ये एसआरके वाला पोज़ लोगों को बहुत पसंद आय़ा था।

होने लगी तस्वीरें एडिट
शाहरूख - सलमान की ये पहलवानी वाली तस्वीर तो याद ही होगी। इस तस्वीर को फोटोशॉप करके, दोनों की किस करते हुए तस्वीर भी काफी वायरल हुई थी। सुलतान में सलमान ने शाहरूख के लिए एक डायलॉग भी बोला - साहरूख खान का मज़ाक ना उड़ाओ। मन्ने बड़ा पसंद से। जब वो लड़की की आंख में आंख डाले है तो अंधी छोरी भी पट जावे है।

सुलतान के सेट पर शाहरूख
सुलतान के सेट पर शाहरूख खान सलमान से मिलने पहुंचे। उस दौरान शाहरूख फैन की शूटिंग कर रहे थे और सलमान सुलतान की। बस दोनों को साथ देखकर लोगों के होश उड़ गए। और खबर यहां तक फैला दी गई कि सुलतान में शाहरूख खान का कैमियो है।

साइकिल की सवारी
साईकल लाल और माईकल की ये साईकिल की सवारी देखकर फैन्स बेहद खुश हुए थे। खासतौर से इसलिए कि दोनों के साथ थे आर्यन खान। ये तस्वीर सलमान खान ने खुद शेयर की थी। इस तस्वीर के पीछे का किस्सा भी शाहरूख ने बताया। उन्होंने बताया, सलमान बस Hi बोलने आए थे और मेरे, आर्यन और सुहाना के लिए तोहफे में साइकिल लेकर आए थे। उसी समय मैंने उनसे ज़ीरो में एक कैमियो के लिए भी पूछा और उन्होंने बिना डीटेल्स जाने हां कर दिया।

दिखी ज़बरदस्त केमिस्ट्री
शाहरूख की फिल्म ज़ीरो के सेट पर सलमान खान अपना कैमियो शूट करने पहुंचे और फैन्स की खुशी का ठिकाना नहीं था। इसके बाद ज़ीरो में दोनों की केमिस्ट्री फैन्स को कैटरीना और अनुष्का से भी ज़्यादा पसंद आई।

सोनम की शादी
सोनम कपूर की शादी पर शाहरूख खान और सलमान खान ने ऐसा रंग जमाया कि लगा मानो पुराने ज़माने की कोई शादी हो। इस शादी की रिसेप्शन पार्टी से दोनों की साथ में तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं।

पुरानी यादें
अब जब तक आपको पठान या टाईगर में शाहरूख - सलमान की एक साथ झलक नहीं मिल जाती है, जिसमें कि अभी काफी समय है, तब तक के लिए आपको दोनों की इस मज़ेदार तस्वीर के साथ छोड़ जाते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











