Shahrukh Khan Upcoming Films: पठान, जवान और डंकी पर शाहरुख खान ने कहा, 'तीनों फिल्में सुपरहिट होंगी'

शाहरुख खान को यूएई में हुए शारजाह इंटरनेशनल बुक फेयर (SIBF) 2022 के 41वें संस्करण में शामिल किया गया था। इस कार्यक्रम में उन्हें ग्लोबल आइकन ऑफ सिनेमा और कल्चरल नैरेटिव अवार्ड से सम्मानित किया गया। इवेंट के दौरान किंग खान ने मीडिया के भी सवालों का जवाब दिया और अपनी आने वाली फिल्मों पर भी बात की।
शारजाह में शाहरुख खान को लेकर फैंस की दिवागनी साफ देखी जा सकती थी। इवेंट के दौरान सुपरस्टार ने जब डॉन और ओम शांति ओम के डायलॉग्स सुनाए तो पूरा हॉल तालियों और सीटियों से गूंज उठा।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपनी आगामी रिलीज होने वाली फिल्मों को लेकर नर्वस हैं, शाहरुख ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि मुझे नर्वस होने की जरूरत है, वे सभी सुपरहिट फिल्में बनने जा रही हैं। और मैं अहंकार में आकर यह नहीं कह रहा हूं, बल्कि ये मेरा विश्वास है।"

अंहकार नहीं, अपनी फिल्मों पर विश्वास है
उन्होंने आगे कहा, "मैं इसी विश्वास के साथ सोता हूं, जागता हूं और यही विश्वास है जो 57 की उम्र में भी मुझसे स्टंट और दिन में 18 घंटे काम कराता है। अगर मुझे यह विश्वास नहीं होता कि मैं एक ऐसी फिल्म बना रहा हूं जिसे लोग पसंद करेंगे, तो मैं ऐसा नहीं कर पाऊंगा। इसलिए यह कोई अहंकारी बयान नहीं है, यही मैं मानना चाहता हूं। यह एक बच्चे जैसा विश्वास है कि.. देखो, मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ तैयार किया है, मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, मैं अच्छे अंकों के साथ पास होने जा रहा हूं'..

कभी जीरो बनाता हूं तो कभी डीडीएलजे
सुपरस्टार ने याद किया कि कैसे बचपन से ही उनमें ऐसा आत्मविश्वास था। उन्होंने कहा, "मुझे अपनी गणित की परीक्षा देना याद है। मुझे लग रहा था कि मैं बहुत अच्छा कर रहा था.. लेकिन, मुझे 100 में से 3 अंक मिले। लेकिन मुझे लगा कि मैंने वास्तव में अच्छा किया है। तो कभी-कभी फिल्मों के साथ भी ऐसा होता है। कभी मैं जीरो बनाता हूं। तो कभी दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे जैसी फिल्म बन जाती है।"

बड़े पर्दे पर खुद को देखने के लिए उत्साहित हूं
अपने ट्रेडमार्क मजाकिया अंदाज में, उन्होंने कहा, "अगर मैं अपना नाम तीसरे व्यक्ति के रूप में ले सकता हूं, तो मैं शाहरुख खान को फिर से पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हूं।"

2023 में आने वाली फिल्मों की लिस्ट
बता दें, साल 2023 में शाहरुख खान की तीन फिल्में रिलीज होने वाली हैं। 25 जनवरी को आएगी पठान.. जिसमें शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम हैं। फिर जून में आएगी अटली निर्देशित फिल्म 'जवान'। और दिसंबर में क्रिसमस के मौके पर आएगी राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी', जिसमें शाहरुख के साथ तापसी पन्नू की जोड़ी बनी है।


Click it and Unblock the Notifications











