Breaking Buzz - 40 साल में पहली बार शाहरूख खान के साथ संजय दत्त की फिल्म, नाम भी फाईनल
शाहरूख खान और संजय दत्त दो ऐसे सितारे हैं जिन्हें आपने ऑफ स्क्रीन कई बार साथ देखा होगा लेकिन ऑन स्क्रीन दोनों कभी एक साथ मेन लीड के तौर पर नहीं दिखाई दिए। हालांकि, शाहरूख खान की फिल्म ओम शांति ओम और रा.वन में संजय दत्त मेहमान कलाकार की भूमिका में ज़रूर दिखाई दिए थे। लेकिन अब ये दो सुपरस्टार्स करियर के इतने सालों बाद एक साथ बड़े परदे पर आने जा रहे हैं।
अगर रिपोर्ट्स की मानें तो शाहरूख खान और संजय दत्त एक साथ वायाकॉम 18 प्रोडक्शन्स के बैनर तले बन रही एक फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं। फिल्म क्या है, किस बारे में, इसे कौन डायरेक्ट कर रहा है, फिलहाल इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।

लेकिन टाईम्स ऑफ इंडिया के सूत्रों की मानें तो फिल्म का नाम है राखी और शाहरूख खान - संजय दत्त फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर चुके हैं। गौरतलब है कि इसके अलावा, एक तरफ जहां शाहरूख खान अपनी फिल्म पठान की शूटिंग में व्यस्त हैं तो दूसरी तरफ संजय दत्त के पास भी कई अधूरे प्रोजेक्ट्स हैं जिन्हें वो पूरा कर रहे हैं।
शाहरूख खान और संजय दत्त की फिल्म बहुभाषाी होगी। हालांकि, इस बारे में अभी ज़्यादा जानकारी किसी के पास नहीं है पर दोनों ही सुपरस्टार्स के फैन ये खबर सुनकर काफी उत्साहित हैं।

वापसी का हो रहा है इंतज़ार
दिलचस्प है कि इस समय शाहरूख खान और संजय दत्त, दोनों की ही वापसी का दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है। माना जा रहा है कि शाहरूख खान को 2022 में पठान के साथ अपनी धमाकेदार वापसी कर रहे हैं। यशराज फिल्म्स के इस प्रोजेक्ट के लिए शाहरूख खान ने 100 करोड़ की फीस ली है। फिल्म में शाहरूख खान एक जासूस की भूमिका में है जो जॉन अब्राहम से टक्कर लेंगे और उनका साथ देंगी दीपिका पादुकोण।

संजय दत्त की केजीएफ 2
संजय दत्त की आखिरी फिल्म थी सड़क 2 जिसके बाद वो कैंसर के ईलाज के लिए यात्रा करते दिखे। अपनी बीमारी के ईलाज पर फोकस करने के लिए संजय दत्त ने एलान भी किया कि वो फिल्मों से ब्रेक ले रहे हैं। इसके बाद फैन्स उन्हें केजीएफ 2 के नए लुक में देख कर हैरान रह गए। केजीएफ 2 जुलाई में रिलीज़ हो रही थी लेकिन फिलहाल फिल्म पोस्टपोन कर दी गई है।

शाहरूख खान ने भी लिया था ब्रेक
शाहरूख खान हिंदी फिल्मों में रोमांस के बादशाह कहे जाते हैं। उनकी आखिरी रोमांटिक फिल्म थी ज़ीरो जिसे डायरेक्ट किया था आनंद एल राय ने लेकिन फिल्म औंधे मुंह बॉक्स ऑफिस पर गिरी। इसके पहले भी शाहरूख खान की फिल्में दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम होती दिखाई दे रही थीं। ज़ीरो की विफलता के बाद शाहरूख खान ने फिल्मों से एक ब्रेक ले लिया।

अटकी हुई है फिल्में
कैंसर के ईलाज से पहले, संजय दत्त कई फिल्में पूरी कर चुके थे जो अभी भी रिलीज़ होने की राह देख रही हैं। इनमें से एक फिल्म है आशुतोष गोवारिकर के प्रोडक्शन तले बनी तुलसीदास जूनियर। इस फिल्म से दिवंगत अभिनेता राजीव कपूर भी अपनी वापसी करने वाले थे। इसके अलावा भी संजय दत्त लगातार अपनी पुरानी फिल्मों की शूटिंग कर रहे हैं और नई फिल्मों की कहानियां सुन रहे हैं।

आखिरी ब्लॉकबस्टर फिल्म 2013 में
शाहरूख खान के करियर में आलोचनाओं का सिलसिला शुरू हुआ फराह खान की हैप्पी न्यू ईयर के साथ। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो खूब चली लेकिन जो भी फिल्म देखने गया उसने लौटकर फिल्म को गालियां ज़रूर दीं। शाहरूख खान के करियर की आखिरी अच्छी फिल्म थी चेन्नई एक्सप्रेस। हालांकि रोहित शेट्टी की इस फिल्म में शाहरूख को देखकर लोगों को आभास हो गया था कि आगे का रास्ता शाहरूख खान के लिए काफी मुश्किल है।

कैंसर के बीच भी करते रहे काम
कैंसर से जंग लड़ते हुए भी संजय दत्त ने अपने ईलाज से पहले अपना सारा काम निपटा कर ईलाज पर ध्यान देना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने भारी सिक्योरिटी के बीच यशराज फिल्म्स की शमशेरा और पृथ्वीराज की शूटिंग पूरी की। वहीं अजय देवगन की फिल्म भुज में भी संजय दत्त एक अहम भूमिका में दिखाई देने वाले हैं।

अफवाहों का बाज़ार गर्म
इस बीच शाहरूख खान के कमबैक के अलावा कई फिल्मों से उनका नाम जोड़ा जा रहा है। माना जा रहा है कि संजय लीला भंसाली उन्हें इज़हार नाम की एक रोमांटिक फिल्म के लिए अप्रोच कर चुके हैं। वहीं साउथ के ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर अटली के साथ शाहरूख खान सनकी नाम की मसाला फिल्म कर रहे हैं। राजकुमार हिरानी के साथ भी उनका एक प्रोजेक्ट फाईनल है।

नए लुक में किया हैरान
संजय दत्त कैंसर के ईलाज के दौरान काफी कमज़ोर हो गए थे लेकिन फिर उन्होंने खुद पर मेहनत की और अपने नए लुक से सबको हैरान कर दिया। हालांकि, अभी भी वो फॉर्म में वापस नहीं आ पाए हैं और अजय देवगन की भुज के कई सीन, संजय दत्त के बॉडी डबल ने पूरे किए।

प्रोड्यूसर शाहरूख खान की ढेर सारी फिल्में
शाहरूख खान ने ब्रेक केवल एक्टिंग से लिया था। इसके अलावा वो फिल्में प्रोड्यूस करने पर ध्यान देते रहे। जहां एक तरफ उनकी कंपनी ने तापसी पन्नू - अमिताभ बच्चन स्टारर बदला प्रोड्यूस की थी वहीं वो अभिषेक बच्चन स्टारर बॉब बिस्वास प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसके अलावा वो आलिया भट्ट के साथ मिलकर डार्लिंग्स नाम की एक फिल्म प्रोड्यूस कर रहे हैं।

साथ में करेंगे धमाका
शाहरूख खान ने 29 साल पहले दीवाना नाम की फिल्म से अपने करियर की शुरूआत की थी वहीं संजय दत्त ने 40 साल पहले 1981 में रॉकी नाम की फिल्म के साथ अपने करियर की शुरूआत की थी। अपने करियर की ऊंचाईयों पर ये दो एक्टर्स कभी एक साथ नहीं आ पाए। अब देखना है कि अपनी सेकंड इनिंग्स में ये दोनों राखी नाम की इस फिल्म के साथ क्या कमाल कर पाते हैं।


Click it and Unblock the Notifications