Pathaan: दुनिया के सबसे ऊंचे थियेटर में रिलीज हुई शाहरुख खान की पठान, तस्वीरों में देखें झलक

Pathaan Release: शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म पठान दुनियाभर में 8000 स्क्रीन पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर हर तरह से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने मिल रही है। जहां समीक्षकों से फिल्म को पॉजिटिव रिव्यूज मिले हैं, वहीं फैंस के लिए ये किसी फेस्टिवल से कम नहीं।
इतना ही नहीं, बता दें "पठान" को पिक्चर टाइम डिजीप्लेक्स, लेह, लद्दाख में एक मोबाइल सिनेमा हॉल में भी रिलीज किया गया है। जो दुनिया का सबसे ऊंचा मोबाइल थिएटर माना जाता है। कंपनी के मुताबिक, पिक्चर टाइम 11,562 फीट की ऊंचाई पर बनी अपने ट्रैवलिंग थिएटर में हर दिन "पठान" के चार शो दिखाएगी।
फिल्म को तेलंगाना के आसिफाबाद और राजस्थान के सरदारशहर और अरुणाचल में स्थापित इन मोबाइल डिजिटल मूवी थिएटर में भी दिखाया जाएगा।
ईटाइम्स से बात करते हुए पिक्चर टाइम डिजिप्लेक्स के सीईओ श्री सुशील चौधरी ने कहा, "पूरा देश पठान देखने के लिए रोमांचित है। हमारा हमेशा प्रयास रहा है कि भारत के आंतरिक स्थानों पर भी सिनेमा को लाया जाए। शाहरुख खान के फैंस दूर-दूर तक फैले हुए हैं, और यह पहली बार है जब उनकी हाल की फिल्मों में से एक पठान लेह में रिलीज हो रही है। हम आसिफाबाद, सरदारशहर (राजस्थान) और अरूणाचल में भी इसी तरह की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। शाहरुख खान के सभी फैंस के लिए यह एक खुशी का अवसर है कि वे बड़े पर्दे पर अपने पसंदीदा सितारे को देखना चाहते हैं।"
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म पठान देशभर में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज हुई है। फिल्म की एडवांस बुकिंग जबरदस्त रही है और ट्रेड पंडितों की मानें तो यह 50 करोड़ के लगभग की ओपनिंग दे सकती है। कोई शक नहीं कि अपने कमबैक के साथ शाहरुख खान तहलका मचा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications

