शाहरूख खान की डंकी के साथ हुई क्रिसमस 2023 की बुकिंग, ज़ीरो से वापस बनेंगे बॉक्स ऑफिस हीरो?
शाहरूख खान और राजकुमार हिरानी की फिल्म डंकी का एलान हो चुका है और इस फिल्म के अनाउंसमेंट के साथ ही शाहरूख खान ने 22 दिसंबर 2023 की बुकिंग कर ली है। यानि कि 2023 का क्रिसमस शाहरूख खान और राजकुमार हिरानी के नाम हो चुका है। हालांकि, क्रिसमस शाहरूख खान के लिए ज़्यादा लकी नहीं रहा है।
खासतौर से शाहरूख खान की आखिरी फिल्म ज़ीरो, क्रिसमस 2018 पर रिलीज़ हुई थी और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया था। लेकिन शाहरूख खान तो शाहरूख खान हैं। इसलिए वो एक बार फिर से क्रिसमस पर वापसी करेंगे और क्रिसमस बॉक्स ऑफिस जीतने की कोशिश करेंगे।

ज़ीरो के बाद शाहरूख खान ने अपने करियर में एक छोटा सा ब्रेक लिया था क्योंकि वो अपने करियर को अलग दिशा देना चाहते थे। 2014 में हैप्पी न्यू ईयर के बाद से शाहरूख खान ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छे आंकड़े नहीं दिए। फैन, रईस, जब हैरी मेट सेजल और फिर ज़ीरो कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही।

सबसे निराशाजनक फिल्म
आनंद एल राय स्टारर ज़ीरो शाहरूख खान के करियर की सबसे निराशाजनक फिल्मों में से एक रही है। इस फिल्म के साथ फैन्स को जितनी भी उम्मीदें थीं वो सब फिल्म के रिलीज़ होते ही धराशाई हो गईं। और साथ ही धराशाई हुआ बॉक्स ऑफिस पर शाहरूख खान के जादुई आंकड़ों का सिलसिला। ज़ीरो, शाहरूख खान के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में से एक है। और ये फिल्म शाहरूख खान के करियर की तीसरी क्रिसमस रिलीज़ थी।

दिलवाले को भी मिला ठंडा रिस्पॉन्स
इससे पहले, शाहरूख खान ने 2015 का क्रिसमस भी अपने और काजोल के नाम बुक किया था। रोहित शेट्टी की फिल्म दिलवाले में शाहरूख खान और काजोल को सालों बाद एक साथ देखने के लिए फैन्स काफी ज़्यादा उत्साहित थे। 2015 की क्रिसमस रिलीज़ दिलवाले थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर संजय लीला भंसाली की बाजीराव मस्तानी के साथ टक्कर ली थी। बॉक्स ऑफिस पर दिलवाले क्रिसमस की ठंड के साथ ठंडी पड़ती दिखी।

2011 में किया था राज
2011 में क्रिसमस के मौके पर शाहरूख खान और उनकी जंगली बिल्ली, प्रियंका चोपड़ा ने बॉक्स ऑफिस पर डॉन 2 के साथ दस्तक दी थी। इस फिल्म के साथ शाहरूख खान ने बॉक्स ऑफिस पर भी राज किया था। ये उनका पहला और आखिरी क्रिसमस धमाका था। ऐसे में अब एक बार फिर से उन्हें बॉक्स ऑफिस पर धमाका करते देखने के लिए फैन्स उत्साहित हैं।

राजकुमार हिरानी का साथ
शाहरूख खान और राजकुमार हिरानी एक दूसरे के साथ काफी सालों से काम करना चाह रहे हैं। यहां तक कि राजकुमार हिरानी ने अपनी पहली फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस के लिए सबसे पहले शाहरूख खान को ही अप्रोच किया था। लेकिन शाहरूख को लगा था कि बाबा से अच्छी ये फिल्म कोई नहीं कर सकता है और इसलिए शाहरूख खान ने इस फिल्म के लिए संजय दत्त का नाम सुझाया था। तब से आज तक राजकुमार हिरानी, शाहरूख खान के लिए परफेक्ट कहानी ढूंढ रहे थे।

राजकुमार हिरानी का क्रिसमस
बात करें राजकुमार हिरानी के क्रिसमस की तो वो दो बार आमिर खान के साथ क्रिसमस के मौके पर आमिर खान के साथ दस्तक दे चुके हैं। पहली बार थ्री इडियट्स के साथ और दूसरी बार पीके के साथ। दोनों ही बार, दोनों ही फिल्मों के साथ राजकुमार हिरानी ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े। शाहरूख खान के साथ डंकी, बॉक्स ऑफिस पर राजकुमार हिरानी के लिए क्रिसमस हैट्रिक होगी।

अक्षय कुमार - टाईगर श्रॉफ के साथ क्लैश
डंकी 22 दिसंबर 2023 को रिलीज़ हो रही है और अक्षय कुमार - टाईगर श्रॉफ स्टारर बड़े मियां छोटे मियां के साथ क्लैश हो रही है जिसे अली अब्बास ज़फर डायरेक्ट कर रहे हैं। हालांकि, अभी इस क्लैश को पूरे दो साल हैं और इन दो सालों में इस क्लैश की सूरत पूरी तरह से बदल सकती है। हालांकि, इन दो सुपरस्टार्स को परदे पर एक साथ भिड़ते देखना काफी दिलचस्प होगा।

चार फिल्मों पर काम
बात करें शाहरूख खान के करियर की तो इस समय वो चार फिल्मों पर फोकस कर रहे हैं। पहली है यशराज फिल्म्स की पठान जो कि शाहरूख खान की कमबैक फिल्म होगी। इसके अलावा शाहरूख खान अटली की फिल्म लायन पर काम कर रहे हैं और अब राजकुमार हिरानी की फिल्म डंकी पर काम करना शुरू कर चुके हैं। इसके अलावा शाहरूख खान ब्रह्मास्त्र और रॉकेट्री: द नाम्बी इफेक्ट में कैमियो करते नज़र आएंगे। लेकिन फैन्स को इंतज़ार है तो सलमान खान की फिल्म टाईगर में शाहरूख खान के कैमियो का।


Click it and Unblock the Notifications











